उत्तर प्रदेश

Sirauli: दिनदहाड़े हुई चोरी, प्रधान के घर में लाखों का नुकसान

Admindelhi1
20 Dec 2025 3:20 PM IST
Sirauli: दिनदहाड़े हुई चोरी, प्रधान के घर में लाखों का नुकसान
x

सिरौली: जनपद के थाना सिरौली क्षेत्र के गांव बरसेर के प्रधान के घर मे शुक्रवार सुबह 10 बजे लाखों के जेवर और नकदी चोरी हो गई। घटना के समय सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए थे। पुलिस ने कैमरों की रिकार्डिंग कब्जे मे लेकर जांच शुरू कर दी है। चमेली देवी पत्नी सुंदरलाल लोधी गांव की प्रधान है और बरसेर की साप्ताहिक बाजार की मालिक हैं। उनके घर पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। शुक्रवार को सुंदरलाल किसी काम से सिरौली गए थे, उनकी पत्नी घर के पास ही पशुओं की देखरेख मे लगी थी। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह 10 बजे घर के अंदर कमरे के ताले तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी चोरी हो गई। प्रधान चमेली देवी घर में गई को देखा कि ताले टूटे हैं और संदूक में रखे जेवर व नकदी गायब है। इस पर उन्होंने पति को सूचना दी।

पुलिस को घर मे जेवर के खाली डिब्बे पड़े मिले। प्रधान पति सुंदरलाल का कहना है कि चोर छत से होकर अंदर आए और सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए। इसके बाद घटना को अंजाम दिया गया। उन्हें दिए गए गनर के कमरे से करीब 27 हजार रुपये व एक चेन पड़ी मिली है। फरवरी मे उनके बेटे की शादी है और जिसके लिए उन्होंने गहने खरीदे थे और लगभग डेढ़ लाख रुपये भी घर मे रखे थे। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के लिए सभी कमरों के ताले सील कर दिए है।

प्रधान पति सुंदरलाल के भाई भजनलाल की 2016 मे हत्या कर दी गई थी। इसके बाद एक भतीजे की भी गुप्तांग काटकर हत्या की गई थी। पंचायत चुनाव मे उनकी पत्नी चुनाव जीतकर प्रधान बनी। खतरे को देखते हुए उनको पुलिस सुरक्षा मिली है और उनके साथ गनर रहता है। शुक्रवार को गनर उनके साथ नही गया था। थानाध्यक्ष सिरौली विनोद सिंह ने बताया कि चोरी संदिग्ध लग रही है। हर पहलू पर जांच की जा रही है। अगर तहरीर मिलती है तो विधिक कार्रवाई करते हुए चोरी का खुलासा किया जाएगा।

Next Story