- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Siddharthnagar: झगड़े...
Siddharthnagar: झगड़े के बाद पत्नी ने पति को जलाने की कोशिश, गंभीर रूप से झुलसा

सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कूड़ी गांव में बुधवार की रात पारिवारिक विवाद के बाद एक पत्नी ने अपने ही पति पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई, लेकिन उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कूड़ी गांव निवासी 60 वर्षीय राम संवारे पुत्र सालिकराम ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी पत्नी 50 वर्षीय पूनम घर पर रहती है। बताया जा रहा है कि पूनम, संवारे की चौथी पत्नी है। उनकी पहली दो पत्नियां घर छोड़कर जा चुकी थीं, जबकि तीसरी पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी।
ग्रामीणों के अनुसार, पूनम शराब की लत में थी और जब संवारे काम पर जाते, तो पड़ोसी गांव परसा का एक व्यक्ति अक्सर उनके घर आता-जाता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। बुधवार शाम भी दोनों में कहासुनी हुई थी। रात में संवारे घर के बाहर सोने चले गए, लेकिन बाद में पूनम ने उन्हें अंदर बुलाकर स्वेटर से हाथ बांध दिए और उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, फिर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया।
संवारे की चीखें सुनकर गांववाले मौके पर पहुंचे, लेकिन पूनम के डर से कोई अंदर नहीं गया। अंततः एक बच्चे ने पानी डालकर आग बुझाई और उनकी जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने झुलसे संवारे को सीएचसी बेवां पहुंचाया, जहां से उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत होता है। फिलहाल तहरीर नहीं मिली है, मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।





