उत्तर प्रदेश

Siddharthnagar: मनमानी और लापरवाही पर खंड शिक्षा अधिकारी सस्पेंड

Admindelhi1
10 April 2025 8:25 AM IST
Siddharthnagar: मनमानी और लापरवाही पर खंड शिक्षा अधिकारी सस्पेंड
x

सिद्धार्थनगर: इटवा के खंड शिक्षा अधिकारी महेन्द्र कुमार की मनमानी पर शासन ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर अवकाश स्वीकृति और वेतन से संबंधित नियमों की अवहेलना सहित कई गंभीर अनियमितताओं का आरोप है।

महेन्द्र कुमार पर आरोप है कि उन्होंने स्वयं ही पोर्टल पर अवकाश स्वीकृत कर अधीनस्थ को उपस्थित पंजिका में अनुपस्थित दिखाया, जिससे उसका वेतन बाधित हुआ। इसके अलावा, उन्होंने शिक्षिका श्रीमती सरिता मौर्य के बाल्य-देखभाल अवकाश के लिए दिए गए ऑनलाइन आवेदन को अस्वीकार कर दिया। वहीं, शिक्षिका श्रीमती श्वेता साहू का अवकाश केवल इस आधार पर अस्वीकृत कर दिया गया कि आवेदन के साथ कुटुंब रजिस्टर की नकल संलग्न नहीं थी।

इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए शासन ने उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली 1999 के तहत महेन्द्र कुमार को नियम-4 के अंतर्गत निलंबित कर दिया है तथा नियम-7 के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की जांच के लिए मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, गोरखपुर मंडल को जांच अधिकारी नामित किया गया है।

निलंबन अवधि में महेन्द्र कुमार को मण्डलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), गोरखपुर मंडल के कार्यालय से सम्बद्ध रखा जाएगा। इस दौरान उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता, अर्द्ध वेतन के बराबर देय होगा। यदि वेतन पर महंगाई भत्ता देय था, तो वह भी अनुमन्य होगा, परंतु ऐसे अधिकारी जिन्हें निलंबन से पूर्व यह भत्ता प्राप्त नहीं था, उन्हें यह देय नहीं होगा। शासन की इस सख्त कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

Next Story