उत्तर प्रदेश

Siddharth Nagar: सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत, परिवार के पांच सदस्य घायल

Admindelhi1
7 Jun 2025 10:02 AM IST
Siddharth Nagar: सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत, परिवार के पांच सदस्य घायल
x

सिद्धार्थनगर: जनपद के खेसरहा थाना क्षेत्र के बांसी-मेंहदावल मार्ग स्थित बजरंग चौराहे के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार दो वर्षीय बच्चे की जहां मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं गंभीर रूप से घायल उसकी मां सुमन(32) की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई है। गंभीर रूप से घायल पिता व पुत्र का इलाज मेडिकल में चल रहा है। टक्कर में कार सवार तीन लोगों को भी चोटें आई हैं जिनका इलाज सीएचसी पर चल रहा है।खेसरहा थाना क्षेत्र के करमा निवासी बलिराम पुत्र प्रभू (35) अपनी पत्नी सुमन (32) तथा दो बच्चों प्रसिद्ध (4) तथा अयांश (2) के साथ अपनी बहन के घर चुइटहा से वैवाहिक समारोह में शामिल होकर बाइक से अपने घर करमा आ रहे थे। अभी वह बजरंग चौराहे से आगे पहुंचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने ठोकर मार दी। अयांश की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। जबकि बलिराम व पत्नी सुमन तथा पुत्र प्रसिद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लेकर पहुंची।

जहां स्थिति गंभीर होने के चलते बाइक सवार तीनों को मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब बीस मीटर दूर जाकर गिरी। कार में सवार संतकबीरनगर जनपद के सेमरियांवा के बिगरामिल गांव के निवासी अंसारुल हक पुत्र समसुलहक तथा उनकी पत्नी हसीना खातून और पुत्र हंजला अंसारी को भी चोटें आई हैं। उनका इलाज सीएचसी खेसरहा पर चल रहा है। कार सवार पथरा थाना के अंतर्गत स्थित खरकट्टी जा रहे थे। थानाध्यक्ष चंदन लारी ने कहा कि वाहन को कब्जे में लिया गया है। घायलों का इलाज करवाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

Next Story