- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- अयोध्या में श्रीराम...
उत्तर प्रदेश
अयोध्या में श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की बैठक नए CEO ने संभाली जिम्मेदारी
SHIDDHANT
4 Sept 2026 8:21 PM IST

x
Ayodhya अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की व्यवस्थाओं को लेकर अयोध्या में लगातार बैठकों का दौर जारी है। ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरी ने बताया कि न्यास की बैठक के बाद सभी पदाधिकारी मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं और कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने में जुटे हुए हैं। गोविंद देव गिरी ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र परिसर में हुई बैठक के बाद लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना अयोध्या प्रवास भी दो दिन के लिए बढ़ा दिया है, ताकि मंदिर परिसर से जुड़े विभिन्न कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा सके।
उन्होंने जानकारी दी कि ट्रस्ट के नए कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका और नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भी अयोध्या पहुंचे हैं। दोनों अधिकारियों को मंदिर से जुड़े कार्यों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई है। गोविंद देव गिरी ने बताया कि पिछले दिनों सुबह, शाम और फिर सुबह बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में मंदिर परिसर में काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों का नए पदाधिकारियों से परिचय कराया गया। साथ ही उन्हें वर्तमान कार्य प्रणाली और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
उन्होंने कहा कि नए CEO एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा स्वयं धार्मिक विचारों वाले व्यक्ति हैं और मंदिर से जुड़े कार्यों को समझने में उनकी रुचि है। ट्रस्ट को उम्मीद है कि उनके अनुभव और कार्यक्षमता से मंदिर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर के निर्माण, प्रबंधन और भविष्य की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहा है। मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था, सुविधाओं और संचालन को बेहतर बनाने पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है।
ट्रस्ट की ओर से समय-समय पर बैठकें कर मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाती है। नए पदाधिकारियों के जुड़ने के बाद अब व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के बाद देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में ट्रस्ट के सामने श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और मंदिर परिसर के सुचारु संचालन की बड़ी जिम्मेदारी है। गोविंद देव गिरी ने कहा कि सभी लोग मिलकर मंदिर से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं और आने वाले समय में व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा।
Next Story





