उत्तर प्रदेश

Shravasti: झाड़-फूंक के नाम पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव

Admindelhi1
4 March 2025 3:37 PM IST
Shravasti: झाड़-फूंक के नाम पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव
x
"मामला दर्ज"

श्रावस्ती: झाड़-फूंक के नाम पर ग्रामीणों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए बरगलाने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को इस संबंध में जानकारी दी।

श्रावस्ती के पुलिस अधीक्षक (एसपी घनश्याम चौरसिया) ने बताया कि इकौना थाना क्षेत्र के भगवानपुर बनकटवा लोनपुरवा गांव में हरीश सिंह नामक व्यक्ति पर धर्म परिवर्तन के लिए लोगों को उकसाने का आरोप है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं और मीडिया द्वारा पुलिस को एक वीडियो दिखाया गया, जिसमें हरीश सिंह ग्रामीणों को झाड़-फूंक और अन्य तरीकों से प्रभु ईसा मसीह का नाम लेकर उनके कष्टों का निवारण करने का दावा कर रहा था।

लुधियाना से गांव आता-जाता था आरोपी

हरीश सिंह कुछ साल पहले लुधियाना (पंजाब) में रहने चला गया था, लेकिन हाल ही में वह गांव लौटा था। पुलिस को मिली शिकायत के बाद क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी को मौके पर भेजा गया। इसके अलावा अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष जांच कमेटी गठित की गई।

धर्म परिवर्तन कानून के तहत केस दर्ज

आरोपी हरीश सिंह के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3 और 5 के तहत इकौना थाने में मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी फरार, पुलिस की टीमें तलाश में जुटीं

हरीश सिंह फिलहाल फरार है, और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस को संदेह है कि वह पंजाब भाग सकता है, इसलिए एक टीम को पंजाब भेजने की तैयारी की जा रही है।

नेपाल भागने की आशंका, सीमा पर अलर्ट

चूंकि श्रावस्ती नेपाल सीमा से सटा जिला है, इसलिए आरोपी के नेपाल भागने की भी आशंका जताई जा रही है। इसको ध्यान में रखते हुए नेपाल सीमा पर तैनात अधिकारियों और जवानों को आरोपी का हुलिया भेजा गया है।

पुलिस जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का दावा कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Next Story