- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- दिखाया तमंचा, डेयरी...

डेयरी संचालकों ने कार्रवाई करने गई स्वास्थ्य विभाग की टीम पर हमला कर दिया। हाथापाई और गाली-गलौज कर टीम के हाथ में कागज भी फाड़ दिए। टीम के सुरक्षा दल ने सख्ती दिखाई तो डेयरी संचालक ने पहले गेट बंद किया फिर छत से कूदकर फरार हो गया। सूचना देने के काफी देर बाद पुलिस पहुंची, तब तक मामला शांत हो चुका था।
नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, जोनल स्वच्छता अधिकारी विमल मिश्र आदि के साथ इंदिरा नगर में आबादी के बीच चल रहीं डेयरियों पर कार्रवाई करने गए थे। शुक्रवार की सुबह नौ बजे इंदिरा नगर शिव मंदिर के पास अनुज यादव की डेयरी पर पहुंचे तो यहां 20- 30 गाय-भैंसें थीं।
उस पर जुर्माना अदा करने को कहा तो वह मां को साथ लाकर टीम के साथ गाली-गलौज करने लगा। टीम से भिड़ गया। सुरक्षा दलों ने उसे हटाया तो वह दूसरे घर में घुसकर छत से भाग खड़ा हुआ। मामले की तहरीर जगदीश चंद्र सफाई निरीक्षक ने प्रेम नगर थाने में दी गई है।
रसीद बुक छीन कर फाड़ डाली
इसी के सामने मो. हनीफ की डेयरी पर 40-50 गाय-भैंस थी। उन्हें भी आबादी के बीच से डेयरी हटाने और जुर्माने अदा करने की बात कही तो वह टीम से भिड़ गया। सफाई निरीक्षक संजीव कुमार के हाथ में मौजूद रसीद बुक छीन कर फाड़ डाली। सुरक्षा दलों ने रोकने का प्रयास किया तो गाली -गलौज करने लगा। इस पर सुरक्षा दल ने उस पर लाठियां भांजी। तभी उसके पुत्रों ने टीम पर हमला कर दिया। एक पुत्र तमंचा ले आया और हत्या की धमकी देने लगा। इस पर सुरक्षा दल पीछे हट गए। मामले की रिपोर्ट प्रेम नगर थाने में सफाई निरीक्षक संजीव कुमार ने दी है।
न्यूज़क्रेडिट: अमृतविचार