- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Shivpuri: अटल सागर डेम...
Shivpuri: अटल सागर डेम के चार गेट खोले, जलस्तर बढ़ा चिंता

शिवपुरी: जिले की सभी तहसीलों करैरा, नरवर, पिछोर, बदरवास व कोलारस में हुई भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है । ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख रास्ते जलमग्न हो चुके हैं। विगत दो दिनों से रूक-रूक कर हो रही बारिश ने मौसम को तो सुहावना कर ही दिया है, लेकिन लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन भी अस्त-व्यस्त करके रख दिया है।
इसी क्रम में करैरा, नरवर,पिछोर, कोलारस व बदरवास में हुई भारी बारिश ने लोगों को परेशानी में डाल दिया। एक ओर जहां पिछोर के मनका गांव में दो युवक मस्ती करते हुए नाले में बह गए तो वहीं करैरा की महुअर नदी में महेश गांधी नाम का वृद्ध बह गया, जिसे स्थानीय लोगों ने नदी की बीच धार से अपनी जान जोखिम में डालकर बचाया। रविवार को देर रात बदरवास कस्बे में स्कूटी से नाला पार करते समय दो प्रायवेट शिक्षक व एक डाक्टर स्कूटी सहित नाले में बह गए। इसके अलावा बदरवास के ही ग्राम सांडर में भी एक ग्रामीण रपटा पार करते समय बह गया। हालांकि इन सभी घटनाओं में पानी में बहे सभी सात लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसी तरह से बदरवास पर रेलवे ट्रेक के नीचे पानी के बहाव के साथ गिट्टी बह गई। रेलवे ट्रेक को दुरूस्त करने के लिए रेलवे का स्टाफ काम में जुट गया है। वहीं, कोलारस में रास्ते जलमग्न हो गए हैं। बदरवास में खेतों में पानी भरा हुआ है। शिवपुरी, नरवर एवं करैरा के मध्य स्थित अटल सागर (मणिखेेड़ा ) डेम के केचमेंट एरिया में लगातार बारिश होने के कारण डेम का जल स्तर लगातार बढ़ता चला गया, जिसके चलते डेम में पानी के लेवल को सही बनाए रखने के लिए देर रात डेम के चार गेट खोल दिए गए हैं। गेट नंबर 5 व 6 को दो मीटर तक जबकि गेट नंबर 4 व 7 को 1-1 मीटर तक खोला गया। डेम से कुल 663.556 क्यूमेक्स पानी छोड़े जाने की बात कही जा रही है।





