- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Shiv Sena ने सौंपी नई...
Shiv Sena ने सौंपी नई जिम्मेदारियां, संगठन विस्तार पर जोर

Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर : शिवसेना के जिला सदस्यता अभियान के तहत सोमवार को लक्ष्मीनगर क्षेत्र के गांव बिलासपुर स्थित शिव मंदिर प्रांगण में संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शिवसेना युवा जिला अध्यक्ष शुभम पाल ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय युवा मौजूद रहे। बैठक में एक दर्जन से अधिक युवाओं ने संगठन की विचारधारा से प्रभावित होकर शिवसेना की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को लेकर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि शिवसेना जिले में लगातार संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक संगठन की विचारधारा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। शिवसेना का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र, धर्म और समाज सेवा के कार्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले के प्रत्येक गांव और वार्ड स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा।
कई कार्यकर्ताओं को सौंपी गई नई जिम्मेदारियां
बैठक के दौरान युवा जिला अध्यक्ष शुभम पाल ने संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कई कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिम्मेदार और सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस दौरान सागर पाल को युवा नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं विनय पाल, अक्षय ठाकुर, अभिषेक पाल और कपिल पाल को युवा जिला सचिव की जिम्मेदारी दी गई। अंकुश गुप्ता को युवा जिला महासचिव बनाया गया।
इसके अलावा अभिजीत, दीपक सैनी, विशाल सैनी और अक्षय कुमार को युवा जिला उपाध्यक्ष बनाया गया। अक्षय को युवा जिला संगठन मंत्री, मिलन को युवा जिला मीडिया प्रभारी और सुमित धीमन को युवा जिला सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा जिले में शिवसेना को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।
लोकेश सैनी ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर लगाए आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए शिवसेना जिला अध्यक्ष लोकेश सैनी ने उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हिंदुत्व की सरकार होने के बावजूद हिंदू संगठनों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की घटनाएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि हिंदू संगठनों को निशाना बनाया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार और दलाली बढ़ने का भी आरोप लगाया। उन्होंने सरकार से कानून व्यवस्था को मजबूत करने और भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
लोकेश सैनी ने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो इसके राजनीतिक परिणाम भी सामने आ सकते हैं।
संगठन विस्तार का लिया संकल्प
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिले में संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान को आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. सचिन कुमार, राजकुमार सैनी, अनिल शर्मा, गोपी वर्मा, अमित कुमार, राहुल पाल, रविंद्र शर्मा, अंकुश गुप्ता, अक्षय ठाकुर, कपिल पाल, अभिजीत कुमार, दीपक सैनी, अक्षय कुमार सहित बड़ी संख्या में शिवसेना पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय युवा मौजूद रहे।





