उत्तर प्रदेश

यजीद का पुतला जलाने को लेकर शिया-सुन्नी आए आमने-सामने, दो महिलाओं समेत 4 गिरफ्तार

Shantanu Roy
8 Oct 2022 11:53 AM GMT
यजीद का पुतला जलाने को लेकर शिया-सुन्नी आए आमने-सामने, दो महिलाओं समेत 4 गिरफ्तार
x
बड़ी खबर
मुजफ्फरनगर। शहर के महमूदनगर में बृहस्पतिवार को शिया समाज की महिला द्वारा यजीद का पुतला जलाने को लेकर विवाद हो गया। मोहल्ले में रहने वाले सुन्नी पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया, जिसे लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसे लेकर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करते हुए दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर उनका शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला जनकपुरी निवासी कपिल ने करीब ढाई साल पूर्व दूसरे समुदाय के शिया समाज की युवती महक से प्रेम-विवाह किया था। शादी के बाद से ही कपिल व महक मोहल्ला महमूदनगर में किराए के मकान में रहने लगे। हालांकि दोनों ही शादी के बाद भी अपने-अपने धर्म के अनुरूप रीति-रिवाज करते आ रहे हैं। शिया समाज के मुहर्रम के सवा दो महीने पूरे होने के आखिरी दिन बृहस्पतिवार को धर्मानुसार कपिल की पत्नी महक ने यजीद का पुतला बनाकर उसे जलाने का प्रयास किया। पड़ोस में रहने वाले सुन्नी पक्ष के लोगों ने महिला द्वारा पुतला जलाने का विरोध किया।
जिसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढऩे पर शिया-सुन्नी पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसकी जानकारी मिलने पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष त्यागी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत किया। इसके साथ ही पुलिस ने महिला के पति कपिल के साथ ही मोनीश नामक युवक को भी हिरासत में ले लिया, जिनका बाद में शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया। उधर, पति कपिल का चालान किए जाने की जानकारी मिलने पर शुक्रवार को उसकी पत्नी महक अपनी बहन ख्वाब पुत्री शमूल हसन के साथ सिविल लाइंस थाने पहुंची और पति का चालान किए जाने पर नाराजगी जताई। महिला व उसकी बहन ने थाने में हंगामे का भी प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने दोनों का गिरफ्तार कर लिया। बाद में इन दोनो महिलाओं का भी शांतिभंग की आशंका मे चालान कर दिया गया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष त्यागी ने बताया कि शिया समाज की महिला द्वारा पुतला जलाने को लेकर महमूदनगर में सुन्नी पक्ष ने विरोध किया था। विवाद बढऩे पर मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पा लिया गया था। मामले में दो महिलाओं समेत चार लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है।
Next Story