उत्तर प्रदेश

Shamshabad: ऊगरपुर का प्रधान व रोजगार सेवक डाल रहे मनरेगा योजना में डांका

Admindelhi1
27 May 2025 3:31 PM IST
Shamshabad: ऊगरपुर का प्रधान व रोजगार सेवक डाल रहे मनरेगा योजना में डांका
x
कार्य करने वाली महिलाओं को नहीं कोई जानकारी, लग रही फर्जी हाजिरी

शमशाबाद: शमसाबाद विकास खंड की ग्राम पंचायत ऊगरपुर में डामर रोड से संतोष के बाग तक चकरोड पर मिट्टी का कार्य होना दर्शाया जा रहा है। यह कार्य कागजों में ही चल रहा है। इस कार्य में 5 मस्टरोल दर्शाकर 43 मनरेगा मजदूरों की फर्जी हाजिरी प्रधान श्रीनिवास व रोजगार सेवक लज्जाराम द्वारा मनरेगा पोर्टल पर अपलोड कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। जब मौके पर जाकर कार्य के संबंध में जानकारी की गई, तो पता चला कि यह कार्य सिर्फ और सिर्फ कागजों तक ही सीमित है।

सबसे मजेदार बात तो यह है कि इस कार्य में 16 महिला मजदूरों की भी फर्जी हाजिरी मनरेगा पोर्टल पर फर्जी तरीके से अपलोड की जा रही है। जब इस संबंध में कार्य करने वाली महिलाओं से बात की गई, तो उन्होंने आश्चर्य चकित होकर कहा कि उन्हें घर के चूल्हे चौके से ही फुर्सत नहीं है, तो वह मजदूरी कहां से करने जायेंगी। उन्होंने बताया कि प्रधान श्रीनिवास व रोजगार सेवक लज्जाराम द्वारा फर्जीवाड़ा किया जा रहा होगाष। वह कहीं भी मजदूरी करने नहीं जातीं हैं। इस संबंध में जब गांव के ग्रामीणों से वार्ता की गई तो उन्होंने बताया कि उन्होंने आज तक किसी भी मजदूर को इस जगह काम करते हुए नहीं देखा है। उन्होंने बताया कि प्रधान श्रीनिवास व रोजगार सेवक लज्जाराम के द्वारा दो चार लोगों को खड़ा कर फोटो खींच लिया जाता है और फोटो खींचने के बाद वापस कर दिया जाता हैं। जब हकीकत में मौके पर जाकर देखा गया तो वहां कहीं पर भी एक भी फावड़ा मिट्टी नजर नहीं आई। सबसे आश्चर्यजनक बात ये है कि जब धरातल पर कार्य ही नहीं हो रहा है तो फिर मनरेगा पोर्टल पर मज़दूरों की हाजिरी अपलोड क्यों की जा रही है।

वहीं दूसरी तरफ कार्य के दिन में दो बार मनरेगा मजदूरों की हाजिरी अपलोड होने का नियम है, लेकिन हाजिरी फर्जीवाड़ा कर एक बार ही अपलोड होना अपने आप में कई सवाल खड़े कर रहा है। सबसे बड़ी बात यह भी है कि पांचों मस्टर रोल में एक तरीके का ही फोटो अपलोड किया गया है। इससे साफ तौर पर जाहिर होता है कि ग्राम प्रधान श्रीनिवास व रोजगार सेवक लज्जाराम द्वारा भ्रष्टाचार किया जा रहा है।

Next Story