उत्तर प्रदेश

Shamshabad: बाइक सवार छात्र ऑटो की चपेट में, गंभीर हालत में अस्पताल

Admindelhi1
22 Dec 2025 9:47 AM IST
Shamshabad: बाइक सवार छात्र ऑटो की चपेट में, गंभीर हालत में अस्पताल
x

शमशाबाद: थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां अनियंत्रित गति से दौड़ रहे एक ऑटो (uncontrolled auto) ने बाइक सवार छात्र (Bike rider student) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दुर्घटना को अंजाम देने के बाद ऑटो चालक ऑटो सहित मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में घायल छात्र को पहले सीएचसी शमशाबाद और बाद में लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नगला सेठ निवासी सौरव पुत्र हृदय पाल, उम्र लगभग 22 वर्ष, रविवार दोपहर बाइक से आवश्यक कार्य से फैज बाग की ओर जा रहा था। सौरव बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। जब वह कायमगंज–फर्रुखाबाद मार्ग पर पहुंचा, तभी सवारियों से भरा एक ऑटो तेज रफ्तार और लापरवाही से चलता हुआ आया और बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद ऑटो चालक घबरा गया और ऑटो लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायल युवक की मदद की और उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैज बाग पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सा कर्मियों विपिन कुमार (फार्मासिस्ट), वीरेंद्र राजपूत (एलटी), अलका, एएनएम रूबी एवं वार्ड बॉय राजेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस के माध्यम से उसे सीएचसी शमशाबाद भिजवाया।

सीएचसी शमशाबाद में भी घायल की हालत गंभीर बनी रहने पर चिकित्सकों ने उसे तत्काल लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। उधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही छात्र के घर परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे और युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात ऑटो चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Next Story