उत्तर प्रदेश

Shamli: GI टैग के साथ शामली का गुड़ पहुंचा वैश्विक पहचान की ओर

Admindelhi1
20 May 2025 3:56 PM IST
Shamli: GI टैग के साथ शामली का गुड़ पहुंचा वैश्विक पहचान की ओर
x

शामली: जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, शामली ने मंगलवार को एक अहम सूचना जारी करते हुए बताया कि अब शामली के गुड़ को GI टैग (भौगोलिक संकेतक) मिल गया है। यह टैग इस बात का प्रमाण है कि शामली का गुड़ अपनी विशिष्ट पहचान के साथ अब विश्व बाजार में अपनी जगह बनाएगा।

उपायुक्त जैस्मिन ने बताया कि GI टैग एक ऐसी अधिकारिक मुहर होती है जो किसी विशेष उत्पाद को उसके भौगोलिक क्षेत्र के साथ जोड़ती है। इसके माध्यम से उस क्षेत्र को उस उत्पाद के उत्पादन का सामूहिक एकाधिकार मिल जाता है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि उत्पाद की गुणवत्ता और पहचान को कानूनी संरक्षण मिलता है, जिससे उसका बाज़ार मूल्य और मांग बढ़ जाती है।

शामली के गुड़ को यह टैग मिलने की प्रक्रिया में नाबार्ड (राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक) की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। नाबार्ड के सहयोग से उत्तर प्रदेश के 20 विशिष्ट उत्पादों के लिए GI आवेदन किया गया था। लम्बी कानूनी प्रक्रिया के बाद शामली का गुड़ भी अब इस सूची में शामिल हो गया है।

यह उपलब्धि शामली की समृद्ध संस्कृति और सामूहिक बौद्धिक संपदा का प्रतीक बन गई है। इससे न केवल शामली के किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोज़गार और व्यवसाय के अवसर भी बढ़ेंगे।

जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र ने सभी गुड़ उत्पादकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने उत्पादों की वैक्यूम पैकेजिंग कराते हुए GI टैग के लिए शीघ्र पंजीकरण कराएं, ताकि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसका पूरा लाभ मिल सके।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्यदिवसों में जिला उद्योग कार्यालय, औद्योगिक आस्थान, खेड़ी करमू, शामली में संपर्क कर सकते हैं।

Next Story