उत्तर प्रदेश

Shamli: थाने में झगड़े के बाद पति ने खाया जहर

Admindelhi1
28 May 2025 12:22 PM IST
Shamli: थाने में झगड़े के बाद पति ने खाया जहर
x
"पति व पत्नी को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था"

शामली: पत्नी से चल रहे विवाद के चलते महिला थाने के बाहर 32 वर्षीय बर्फ विक्रेता सियाराम कश्यप ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक ने महिला थाने पर पत्नी के साथ न रहने की शिकायत की थी। इसके बाद महिला थाने पर पति व पत्नी को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था।

कस्बा जलालाबाद के मोहल्ला जामिन अली निवासी सियाराम की शादी करीब आठ साल पहले गांव महरमपुर निवासी भारती के साथ हुई थी। अब उसके दो पुत्र सात वर्षीय देव और चार वर्षीय लव है। करीब दस माह से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। सियाराम ने पांच दिन पहले महिला थाने पर प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि उसकी पत्नी साथ नहीं रहती। वह पत्नी को साथ रखना चाहता है।

बृहस्पतिवार को महिला थाने पर पति-पत्नी को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था। महिला थाना पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों पक्षों को आपस में बातचीत कर सुलह करने के लिए बाहर भेज दिया। महिला थाने से बाहर दोपहर करीब ढ़ाई बजे युवक ने अपनी जेब से जहरीला पदार्थ नीला थोथा और कुछ गोलियां पानी के साथ खा ली। यह देखकर युवक के साथ आए परिजन व रिश्तेदारों ने शोर मचाया तो पुलिस में खलबली मच गई।

परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। उसकी हालत अभी गंभीर बताई गई है। युवक ने पत्नी के साथ न रहने से क्षुब्ध होकर जहर खाने की बात कही है।

युवक के परिजनों व रिश्तेदारों ने बताया कि भारती अपने पति को बिना बताए कई बार पहले भी घर छोड़कर जा चुकी है। उनका आरोप है कि वह घर से नकदी व सामान ले जा चुकी है। एक बार सियाराम अपनी पत्नी को मनाकर घर लाया था। इसके बाद वह फिर घर से चली गई थी। जानकारी मिलने पर सीओ सिटी अमरदीप मौर्य, नायब तहसीलदार और महिला थाना प्रभारी निधि चौधरी अस्पताल पहुंचे।

Next Story