उत्तर प्रदेश

Shamli: शामली में तेज बारिश, सड़कें बनीं तालाब

Admindelhi1
25 Jun 2025 9:28 AM IST
Shamli: शामली में तेज बारिश, सड़कें बनीं तालाब
x

शामली: झमाझम बारिश ने जहां उमस भरी गर्मी से राहत दी, वहीं नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल भी खोल दी। करीब दो घंटे तक लगातार हुई बारिश से पूरा शहर जलमग्न हो गया और जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे, लेकिन हवा नहीं चलने के कारण उमस बनी रही। अचानक करीब 10 बजे मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब दो घंटे तक झमाझम बारिश हुई जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने छतों पर जाकर बारिश का लुत्फ उठाया।

हालांकि इस बारिश ने नगर पालिका के दावों की सच्चाई भी सामने ला दी। शहर की नालियों और नालों की नियमित सफाई न होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया। प्रमुख स्थानों जैसे मोहल्ला कंलदरशाह, पंसारियान, सती मंदिर रोड, नौकुआ रोड, माजरा रोड, भिक्की मोड़, बैंड मार्केट, शांतीनगर, नेहरू मार्किट, कबाड़ी बाजार, कैराना रोड, वीवी इंटर कॉलेज रोड और हनुमान रोड आदि पर पानी भर गया।

नेहरू मार्किट और कबाड़ी बाजार में जलभराव के कारण व्यापार ठप हो गया। दुकानदार दिनभर दुकानों में खाली बैठे रहे और ग्राहकों की आवाजाही ठप रही। बारिश ने जहां मौसम को खुशनुमा बनाया, वहीं नगर की अव्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए।

Next Story