उत्तर प्रदेश

Shamli: कृषि भूमि को आवासीय कॉलोनी बताकर धोखाधड़ी

Admindelhi1
13 May 2025 5:15 PM IST
Shamli: कृषि भूमि को आवासीय कॉलोनी बताकर धोखाधड़ी
x
"पीड़ित ने डीएम से लगाई गुहार"

शामली: जनपद शामली में एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसकी पारिवारिक कृषि भूमि को फर्जी दस्तावेजों के जरिए आवासीय कॉलोनी दर्शाकर कब्जा करने की साजिश रची जा रही है। पीड़ित युवक बलराम ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा और न्याय की गुहार लगाई। बलराम का आरोप है कि दबंग किस्म के लोगों ने उसे गोली मारने की धमकी दी है, जिससे उसका पूरा परिवार डरा और सहमा हुआ है।

बलराम, जो थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के गांव बधेव का निवासी है, ने बताया कि विवादित जमीन उसके वृद्ध और अशिक्षित ताऊ के नाम है, और वह स्वयं उस जमीन का वारिस है। उसने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर कृषि भूमि को आवासीय कॉलोनी के रूप में दिखा दिया है।

बलराम ने सवाल उठाया कि जब उसके ताऊ पढ़-लिख नहीं सकते, तो जमीन से संबंधित दस्तावेजों पर हिंदी में हस्ताक्षर किसने किए? उसने यह भी बताया कि पहले शिकायत करने पर गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।

पीड़ित का कहना है कि यह पूरा मामला एक संगठित गिरोह से जुड़ा है, जिसमें भू-माफिया, दबंग और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त लोग शामिल हैं। बलराम ने आशंका जताई कि यह लोग उसकी हत्या की साजिश भी रच सकते हैं। उसने प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि यदि उसके या उसके परिवार के किसी सदस्य को कोई नुकसान पहुंचता है तो इसके लिए वही लोग जिम्मेदार होंगे।

जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Next Story