उत्तर प्रदेश

Shamli: सीबीएसई टॉपर सावी जैन को मिला डीएम से सम्मान

Admindelhi1
14 May 2025 4:24 PM IST
Shamli: सीबीएसई टॉपर सावी जैन को मिला डीएम से सम्मान
x
"आईएएस अधिकारी बनने की रखती हैं चाह"

शामली: उत्तर प्रदेश के जनपद शामली में सीबीएसई बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा में 500 में से 499 अंक प्राप्त कर पूरे भारत में टॉप करने वाली छात्रा सावी जैन को जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय में सावी, उनके माता-पिता और स्कूल के स्टाफ को बुलाकर शुभकामनाएं दीं। इस सम्मान से सावी और उनका परिवार बेहद खुश नजर आया।

हाल ही में घोषित सीबीएसई बोर्ड के 12वीं कक्षा के परिणामों में शामली के फर्नीचर व्यापारी अंकित जैन की बेटी सावी जैन ने 99.8% अंक हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से प्रभावित होकर जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने सावी को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में आमंत्रित किया। सावी अपने माता-पिता और शिक्षकों के साथ वहां पहुंचीं, जहां जिलाधिकारी ने उनका स्वागत कर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

जिलाधिकारी ने कहा, “सावी जैन ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल शामली बल्कि पूरे देश में अपना नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से उनके माता-पिता, शिक्षक और समस्त शामलीवासी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि सावी का सपना आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है, जिसके लिए उन्होंने सावी को प्रोत्साहित किया और हर संभव मार्गदर्शन का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर सावी ने कहा, “जिलाधिकारी सर से सम्मान पाकर मैं बहुत खुश हूं। मेरे माता-पिता और शिक्षकों का सहयोग मेरी इस सफलता का आधार है। मैं आईएएस बनकर देश के लिए कुछ करना चाहती हूं।” सावी के माता-पिता और स्कूल स्टाफ ने भी इस सम्मान के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।

Next Story