उत्तर प्रदेश

Shamli: बकरीद से पहले प्रशासन सतर्क, डीएम ने दी सख्त हिदायतें

Admindelhi1
5 Jun 2025 10:16 AM IST
Shamli: बकरीद से पहले प्रशासन सतर्क, डीएम ने दी सख्त हिदायतें
x
रोड पर नमाज और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर रोक

शामली: जनपद शामली में आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में 4 जून को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित धर्मगुरुओं और संभ्रांतजनों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने त्योहारों पर अब तक समुदाय द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए इसी तरह आगे भी सहयोग बनाए रखने की अपील की।

डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी और सार्वजनिक सड़कों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह से निषिद्ध रहेगी। उन्होंने दो टूक कहा कि कानून व्यवस्था के साथ कोई खिलवाड़ नहीं बर्दाश्त किया जाएगा और सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।’

बैठक में नगर क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों और ग्रामीण क्षेत्रों में डीपीआरओ को स्वच्छता व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल व विद्युत आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने को भी कहा गया। आगामी गंगा दशहरा को लेकर भी घाटों की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

पुलिस अधीक्षक राम सेवक गौतम ने सभी धर्मगुरुओं से प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने दोहराया कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न हो और कुर्बानी के वेस्ट का सही निस्तारण सुनिश्चित हो। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

एसपी ने विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पहले से व्यवस्था सुनिश्चित करने और लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने धर्मगुरुओं से अपील की कि निर्धारित स्थानों पर ही कुर्बानी हो और खुले में कुर्बानी के अवशेष न डाले जाएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, अपर जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह, एडिशनल एसपी संतोष कुमार सिंह, समस्त एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी, डीपीआरओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और सभी धर्मगुरु मौजूद रहे।

Next Story