उत्तर प्रदेश

Shahjahanpur: युवक ने की खुदकुशी, परिवार में मची अफरा-तफरी

Admindelhi1
13 Feb 2026 7:28 PM IST
Shahjahanpur: युवक ने की खुदकुशी, परिवार में मची अफरा-तफरी
x

शाहजहांपुर: थाना क्षेत्र के ग्राम याकूबपुर में शुक्रवार दोपहर लगभग तीन बजे एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक युवक (young man) ने अपने कमरे में बंद होकर तमंचे से खुद को गोली मार (shot himself) ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम निवासी सुखपाल सिंह का पुत्र गोविंद उर्फ विकास शुक्रवार को अपनी मामी का एक्सरे कराने गया था। घर लौटने के बाद वह सीधे अपने कमरे में चला गया और अंदर से कुंडी बंद कर ली। कुछ ही देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी।

आवाज सुनते ही पिता सुखपाल सिंह घबराकर कमरे की ओर दौड़े। दरवाजा अंदर से बंद होने पर परिजनों ने खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। विकास सीने में गोली लगने से जमीन पर लहूलुहान पड़ा था। परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना जलालाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना स्थल से तमंचा भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। बताया जाता है कि मृतक चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था, जिससे परिवार में उसका विशेष स्नेह था।

अचानक हुई इस घटना से माता-पिता सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और लोग स्तब्ध हैं कि आखिर युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। कोतवाल रविशंकर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Next Story