- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Shahjahanpur: मां की...
Shahjahanpur: मां की आंखों के सामने नदी में समाया दो साल का बेटा

शाहजहांपुर: एक बेहद दर्दनाक हादसे में दो साल के मासूम की जान चली गई। खेत से लौट रही एक महिला कठिना नदी पार कर रही थी, तभी अचानक घबराहट में उसकी गोद से बेटा छूटकर नदी में गिर गया और डूब गया। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना तिलहर थाना क्षेत्र के गांव बिरसिंहपुर की है। यहां के निवासी गेंदन लाल की पत्नी गोमती देवी अपने दो साल के बेटे यशपाल को लेकर खेत पर काम करने गई थीं। शाम करीब छह बजे वह बेटे को गोद में लेकर खेत से लौट रही थीं और नदी पार कर रही थीं। तभी किनारे पर मौजूद आवारा जानवर अचानक भागने लगे, जिससे घबराकर महिला का संतुलन बिगड़ गया और बच्चा गोद से छूटकर नदी में जा गिरा।
घबराई महिला ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। पिता गेंदन लाल समेत गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गांव वालों ने बच्चे का शव नदी से बाहर निकाला, इससे पहले कि पुलिस मौके पर पहुंचती। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गेंदन लाल ने बताया कि खेत के पास से बह रही नदी में पानी ज्यादा नहीं था, इसलिए पत्नी ने उसे पार करना सुरक्षित समझा। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।





