उत्तर प्रदेश

Shahjahanpur: एलपीजी कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने लिया सख्त कदम

Admindelhi1
13 March 2026 12:40 AM IST
Shahjahanpur: एलपीजी कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने लिया सख्त कदम
x

शाहजहांपुर: जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध बिक्री रोकने के लिए प्रशासन ने गुरुवार को शहर की गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टॉक की जांच की गई, जिसमें किसी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी चमन शर्मा और इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड के बिक्री प्रबंधक ने संयुक्त रूप से शहर की सतकरतार इंडेन गैस एजेंसी टाउनहॉल रोहित इंडेन गैस एजेंसी और शाहजहांपुर गैस एजेंसी केरूगंज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गैस एजेंसियों पर सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। हालांकि कई उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी न होने के कारण उन्हें गैस लेने में परेशानी हो रही है।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ जल्द ई-केवाईसी कराने की सलाह दी।अधिकारियों ने बताया कि गैस बुकिंग के लिए इंडियन ऑयल (इंडेन) के सर्वर में तकनीकी समस्या आ रही है, जबकि हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम के सर्वर सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार पहले उपभोक्ता एक वित्तीय वर्ष में 15 गैस रिफिल कभी भी ले सकते थे, लेकिन अब एक बुकिंग के 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग की अनुमति है। इसके बावजूद उपभोक्ता पूरे वर्ष में पूर्व की तरह निर्धारित संख्या में सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि 10 मार्च से अब तक जिले में गैस बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को 26,037 सिलेंडरों की डिलीवरी की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर नजर रखने के लिए तहसील और नगर स्तर पर टीमें गठित की हैं, जो लगातार निरीक्षण कर रही हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि गैस की कालाबाजारी या अवैध बिक्री में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी

Next Story