उत्तर प्रदेश

Shahjahanpur: उत्तराखंड से लूटी थार कार पुवायां से मिली

Admindelhi1
6 Sept 2025 10:37 AM IST
Shahjahanpur: उत्तराखंड से लूटी थार कार पुवायां से मिली
x

शाहजहांपुर: तीन सितंबर की रात उत्तराखंड के जनपद ऊधम सिंह नगर से लूटी गई थार गाड़ी पुवायां में खड़ी मिली है। गाड़ी की चाबी बदमाश अपने साथ ले गए हैं। पुलिस ने बताया कि उत्तरी दिल्ली के थाना साबाडेरी के गांव बरला निवासी मोहित तोमर ने उत्तराखंड के जनपद ऊधम सिंह नगर के थाना रुद्रपुर में चार सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया था कि उन्होंने अपने परिचित हरियाणा के पानीपत के सेक्टर 13/17 निवासी बिट्टू से उनकी थार गाड़ी से अपने दोस्तों उत्तरी दिल्ली के ही भूपेंद्र सिंह डबास और संयम कुमार के साथ कैंची धाम जाने का प्लान बनाया। अपने परिचित रुद्रपुर के रजनीश अरोरा को कॉल कर बताया कि वे लोग घूमने आ रहे हैं। तीन सितंबर को दिल्ली से रुद्रपुर आते समय रात साढ़े 11 बजे रुद्रपुर से पहले बन रहे फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो रजनीश अरोरा, जग्गा प्रधान, वंश मखीजा और राधेश्याम पंडित ने उनकी गाड़ी रोककर तमंचे तान दिए और पीटकर गंभीर घायल कर दिया। आरोपी गाड़ी, नकदी, गाड़ी के कागजात, आईकार्ड आदि सामान लूट ले गए। घटना के बाद उन लोगों ने शोर मचाया लेकिन रात होने के कारण कोई मदद को नहीं आया। रुद्रपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। लूट के बाद बदमाश थार को पुवायां कस्बे में खुटार रोड पर बंद पेट्रोल पंप के पास छोड़कर भाग निकले। बदमाश गाड़ी की चाबी अपने साथ ले गए। थार में जीपीएस लगा होने के कारण रुद्रपुर पुलिस को वाहन स्वामी की मदद से गाड़ी की लोकेशन पुवायां में पता चली। रुद्रपुर थाने से दरोगा देवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ पुवायां पहुंचे और गाड़ी को बरामद कर लिया। संदेह के आधार पर पुवायां के एक गैरेज स्वामी और मैकेनिक को भी पकड़ा है। घटना में पुवायां, नाहिल के दो लोगों के नाम भी सामने आ रहे हैं।

"मैकेनिक ने तोड़ दिया जीपीएस, पुवायां में छिपे हो सकते हैं लुटेरे"

पुवायां। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर से थार, नकदी आदि लूटने वाले पुवायां में छिपे हो सकते हैं। लूट का नामजद आरोपी जग्गा प्रधान हिस्ट्रीशीटर है। ऊधम सिंह नगर पुलिस पुवायां पुलिस की मदद से पुवायां के एक हिस्ट्रीशीटर की तलाश में है। आशंका है कि पुवायां के हिस्ट्रीशीटर ने आरोपियों को क्षेत्र में कहीं शरण दी हो सकती है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि थार का जीपीएस निकलवाने के लिए थार को एक मोटर गैरेज भी ले जाया गया था। मैकेनिक ने जीपीएस तोड़ दिया। इस कारण थार की लास्ट लोकेशन मोटर गैराज में मिल रही थी। बदमाश थार को एक सर्विस स्टेशन पर धुलवाने ले गए थे। इस बीच पुलिस भी मोटर गैरेज पर पूछताछ के बाद थार की तलाश में सर्विस स्टेशन पहुंची तो बदमाश थार को छोड़कर भाग निकले। मोटर गैरेज पर थार ले जाने के समय पुवायां का एक बदमाश गांव नाहिल के युवक के साथ गया था, उसके कहने पर ही मैकेनिक ने जीपीएस तोड़ा है। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर के थाना रुद्रपुर से थार लूटी गई थी।

"ऊधम सिंह नगर पुलिस को कुछ लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली थी कि थार को पुवायां के दो बदमाश ले गए हैं। इस पर ऊधम सिंह नगर पुलिस आई है। पुवायां पुलिस के सहयोग से थार बरामद करा दी गई है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। उत्तराखंड पुलिस ही आगे की कार्रवाई करेगी।"

Next Story