उत्तर प्रदेश

Shahjahanpur: आवारा सांड ने बुजुर्ग को तड़पा कर मारा

Admindelhi1
8 Oct 2025 10:54 AM IST
Shahjahanpur: आवारा सांड ने बुजुर्ग को तड़पा कर मारा
x

शाहजहांपुर: प्रशासन की लापरवाही के चलते आये दिन लोग सड़क पर आवारा घूम रहे पशुओं का शिकार हो रहे हैं।इन खूंखार पशुओं के गिरफ्त में आकर तमाम लोग अकाल मौत के मुंह में भी समा चुके हैं। लेकिन ब्लाक अधिकारी कुम्भकर्णी नींद में सो रहे हैं। वहीं गौशाला का बजट कागजों पर ही अपनी रफ़्तार पकड़े हुए है। तेज तर्रार जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने समस्त बीडीओ को एक अक्टूबर से सड़कों पर आवारा पशुओं को सड़कों पर दिखाई न देने के सख्त निर्देश दिए थे। ऐसा न होने पर सम्बंधित के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए थे। लेकिन ब्लाक बंडा में जिलाधिकारी का आदेश बेअसर साबित हो रहा है। सड़कों पर सैकड़ों आवारा पशु चहल कदमी कर लोगों को चुटहिल करने के साथ मौत के घाट तक उतार रहे हैं।

सोमवार को एक सांड ने एक बुजुर्ग को सड़क पर पटक पटक कर मौत के घाट उतार दिया। गांव बाबूपुर निवासी मेवाराम सोमवार की शाम लगभग 8 बजे घर से खाना खाकर सोने के लिए जा रहे थे।उसी समय सडक पर खड़ा सांड उन पर हमलावर हो गया। उसने उन्हें तब तक नहीं छोड़ा जब तक मेवाराम ने दम नहीं तोड दिया‌। लोगों ने सांड पर लाठी डंडे भी चलाये लेकिन उसने बुजुर्ग को नहीं छोड़ा। परिजन मेवाराम को लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक के पुत्र रजनीश ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। यह आवारा सांड के हमले से पहली मौत नहीं आयी।आये दिन बाइक सवार, सड़क पर चलने वालों को यह आवारा पशु अपना निशाना बना रहे हैं। लेकिन जिलाधिकारी के आदेश के बाद भी इन आवारा पशुओं को गौशालाओं में नहीं भेजा जा रहा है।

Next Story