- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Shahjahanpur: बाढ़...
Shahjahanpur: बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर विधायक ने बंटवाया राहत सामान

शाहजहांपुर: तिलहर विधानसभा क्षेत्र की विधायक सलोना कुशवाहा के निर्देश पर उनकी टीम ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया और जरूरतमंदों को राहत सामग्री वितरित की। बाढ़ से प्रभावित चिटी बोझी, घनश्यामपुर, जिकरीपुर, आजमाबाद, बिहारीपुर, ईश्वरा और रटा जैसे गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को खाद्य पैकेट, साबुन, निरमा, बाल्टी, जग समेत घरेलू उपयोग की सामग्री वितरित की गई। इस दौरान तहसील प्रशासन की ओर से तहसीलदार दीपेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार मनु माथुर,कानूनगो, लेखपाल मौजूद रहे।
मौके पर विधायक की टीम से मानवेंद्र सिंह, अभिषेक कुशवाहा उर्फ लालू, मनीष मौर्य, प्रेम मौर्य, दिनेश चौहान, नवीन कुमार, रामकिशन मौर्य, देवेंद्र कुशवाहा, सुदीप कुशवाहा व धर्मपाल सहित कई स्थानीय नेता और ग्राम प्रधान आजमाबाद, चिटी बोझी, जिकरीपुर आदि गांवों के प्रधान उपस्थित रहे। ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए विधायक की टीम ने बताया कि बाढ़ के कारण क्षेत्र में किसानों की फसलें बुरी तरह नष्ट हो गई हैं। टीम का कहना था कि ऐसी आपदा ने न सिर्फ खेत-खलिहान उजाड़ दिए, बल्कि ग्रामीणों की आजीविका पर भी गहरा असर डाला है, जिसे नज़र अंदाज़ नहीं किया जा सकता। तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा की टीम के अहम सदस्य मानवेंद्र सिंह ने कहा कि विधायक और उनकी पूरी टीम हर मुश्किल घड़ी में जनता के साथ खड़ी है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत के हर मोड़ पर लोगों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस पहल से ग्रामीणों ने प्रशासन तथा विधायक टीम की तारीफ की व आभार प्रकट किया।विधायक की टीम ने न केवल राहत सामग्री का वितरण किया, बल्कि घर-घर जाकर पीड़ितों की समस्याएं भी सुनीं और उनका समाधान कराने का भरोसा दिलाया। टीम के सदस्यों ने कहा कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक राहत व सहयोग की प्रक्रिया जारी रहेगी।





