उत्तर प्रदेश

Shahjahanpur: तिलहर-कटरा स्टेशन ठहराव को लेकर स्थानीय लोग सक्रिय

Admindelhi1
12 March 2026 7:50 PM IST
Shahjahanpur: तिलहर-कटरा स्टेशन ठहराव को लेकर स्थानीय लोग सक्रिय
x

शाहजहांपुर: कटरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’ ने तिलहर और मीरानपुर कटरा रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव को लेकर केंद्र सरकार के समक्ष जोरदार पैरवी की है। उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से मुलाकात कर क्षेत्र की जनता की समस्या से अवगत कराया।

इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद भी मौजूद रहे। विधायक ने विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के दौरान बंद किए गए ट्रेनों के स्टापेज को फिर से शुरू कराने की मांग रखी।

विधायक डॉ. प्रिंस ने बताया कि तिलहर रेलवे स्टेशन और मिर्रानपुर कटरा रेलवे स्टेशन क्षेत्र के बड़े हिस्से की आबादी को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन हैं। यहां से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक है, लेकिन कई प्रमुख ट्रेनों के ठहराव बंद होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने गाड़ी संख्या 13308 गंगा-सतलज एक्सप्रेस, कोलकाता एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और दून एक्सप्रेस के तिलहर व मीरानपुर कटरा स्टेशन पर दोबारा ठहराव की मांग प्रमुखता से रखी। साथ ही कटरा विधानसभा क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास के निर्माण की आवश्यकता भी बताई, ताकि आवागमन सुगम हो सके।

विधायक ने कहा कि इन ट्रेनों के ठहराव से न केवल क्षेत्रीय यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में राहत मिलेगी, बल्कि रेलवे के यात्री संख्या और राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।

इस संबंध में जानकारी अखिल भारतीय जन विकास मंच भारत के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता कुंवर मुनीश सिंह परिहार एडवोकेट द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।

Next Story