उत्तर प्रदेश

Shahjahanpur: जनपद रत्न पुरस्कार से सम्मानित हुए आईपीएस शिव मुरारी सहाय

Admindelhi1
26 Dec 2025 2:39 PM IST
Shahjahanpur: जनपद रत्न पुरस्कार से सम्मानित हुए आईपीएस शिव मुरारी सहाय
x

शाहजहांपुर: भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस एवं जन्म शताब्दी के अवसर पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में “जनपद रत्न” अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने तिलहर में जन्मे आईपीएस शिव मुरारी सहाय (राष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञ) को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृतिचिन्ह भेंट कर “जनपद रत्न” अलंकरण से सम्मानित किया।

जनपद रत्न सम्मान उन विशिष्ट व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अपने कार्यों एवं उपलब्धियों से जनपद की प्रतिष्ठा को देश-विदेश में स्थापित किया है। यह परंपरा वर्ष 1997 से निरंतर जारी है तथा वर्ष 2025 का यह 29वां जनपद रत्न अलंकरण समारोह रहा। सम्मानित आईपीएस शिव मुरारी सहाय ने लखनऊ विश्वविद्यालय से बी.ए. एवं एम.ए. की शिक्षा प्राप्त की। अपनी प्रखर बुद्धि, अनुशासन और कर्मठता के बल पर वर्ष 1987 में उनका चयन देश की सर्वोच्च एवं प्रतिष्ठित भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में हुआ, जहां उन्हें अत्यंत संवेदनशील एवं चुनौतीपूर्ण जम्मू-कश्मीर कैडर आवंटित किया गया। अपने सेवाकाल के दौरान वर्ष 1993 में कश्मीर पुलिस आंदोलन के समय कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विशिष्ट योगदान हेतु उन्हें राज्य सरकार द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त उन्हें विशिष्ट सेवा, वीरता एवं सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस महानिदेशक एवं सीआरपीएफ के महानिदेशक द्वारा भी उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। अपने संबोधन में आईपीएस शिव मुरारी सहाय ने कहा कि उन्हें अपने जीवन में अनेक सम्मान प्राप्त हुए हैं, परंतु अपने ही जनपद में मिला यह सम्मान उनके लिए अत्यंत भावनात्मक और विशेष है।

उन्होंने कहा कि इस सम्मान से मिली खुशी का कोई मोल नहीं है। उन्होंने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री द्वारा जनपद में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की तथा जनपद रत्न सम्मान प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि आज ईसा मसीह का जन्म दिवस भी है, जिसे हम सभी श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाते हैं। मंत्री ने बताया कि जनपद रत्न अलंकरण की शुरुआत वर्ष 1997 में की गई थी और आज यह 29वां आयोजन है।

उन्होंने जनपद रत्न से सम्मानित आईपीएस शिव मुरारी सहाय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की। इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा भरत सिंह द्वारा लिखित पुस्तक “अटल के बोल अटल का” का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में सांसद अरुण कुमार सागर, विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, महापौर अर्चना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, जिला अध्यक्ष कैसी मिश्रा, नगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, उप जिलाधिकारी संजय पांडे, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार द्विवेदी, चयन समिति के सदस्य केशव चंद्र मिश्र एवं डॉ. सत्य प्रकाश मिश्र, कार्यक्रम संयोजक विनोद अग्रवाल, सहसंयोजक अमितेश अमित, डॉ. सुरेश चंद्र मिश्र सहित जनपद के अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Next Story