उत्तर प्रदेश

Shahjahanpur: शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का नुकसान

Admindelhi1
22 Jan 2026 11:21 AM IST
Shahjahanpur: शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का नुकसान
x

शाहजहांपुर: शहर के मोहल्ला मक्कू बजरिया में विद्युत शार्ट सर्किट से एक कमरे में आग लग गयी। परिवार के लोग जान बचाकर घर के बाहर भागे। दमकल वाहन ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग से नकदी, जेवर समेत लाखों का घरेलू सामान जल गया। पहने कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा। कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला मक्कू बजरिया में फौजी मैरिज लान के पास रहने वाली मीनू मिश्रा के पति धर्मवीर की कई साल पहले मौत हो गयी थी। वह अपने बेटे हर्षित और भाई नवीन के साथ रहती हैं। उन्होंने और भाई नवीन व बेटे ने रात नौ बजे खाना खाया और सोने के लिए चले गए। वह और उनका बेटा व भाई अलग-अलग कमरे में सो रहे थे।

मंगलवार की रात साढ़े 10 बजे हर्षित की अचानक नींद खुली और देखा कि कमरे में धुआं और आग की लपटे थी। वह निकलकर भागा तो दरवाजे के पास पैर फंस कर गिर गया। इस दौरान उसने शोर मचाया तो उसके मामा नवीन और माँ जाग गयी। तीनों लोग निकलकर मकान के बाहर आए और शोर मचाया। मोहल्ले वाले जाग गए। लोगों ने अग्निशमन कार्यालय को सूचना दी। दमकल वाहन ने पहुंचकर एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इधर, चौकी हद्दफ पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी लेकर चली गई। मीनू मिश्रा ने बताया कि आग से 50 हजार रुपये, जेवर, अलमारियां, बक्से, बेड, रजाई, गद्दा आदि सामान जल गया। उन्होंने बताया कि पांच लाख रुपये का नुकसान हो गया। आग लगने का कारण विद्युत शार्ट सर्किट बताया जाता है। तहसील सदर से कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पूछताछ करने के बाद रिपोर्ट बनाकर चले गए।

Next Story