- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- संवेदनशील पहल: 30...
उत्तर प्रदेश
संवेदनशील पहल: 30 कैंसर मरीजों ने की ‘उम्मीद की यात्रा’, लखनऊ दर्शन में खिली मुस्कान
SHIDDHANT
3 Feb 2026 7:34 PM IST

x
Lucknow लखनऊ। विश्व कैंसर दिवस से पूर्व मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने उपचाररत कैंसर मरीजों के लिए विशेष ‘लखनऊ दर्शन’ आयोजित किया। इस पहल के तहत 30 कैंसर मरीजों ने डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस से राजधानी की विरासत, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास का साक्षात्कार किया। उपचार के कठिन दौर से गुजर रहे कैंसर मरीजों के चेहरे पर मुस्कान और मन में उम्मीद जगाने के उद्देश्य से यूपीएसटीडीसी की ओर से सोमवार को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक विशेष ‘लखनऊ दर्शन’ टूर आयोजित किया गया।
यह भ्रमण लखनऊ दर्शन की नियमित सेवाओं से अलग, विशेष रूप से मरीजों के लिए समर्पित रहा। विभिन्न आयु वर्ग के मरीजों के साथ डॉक्टरों और सहयोगी मेडिकल स्टाफ की मौजूदगी में आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य अस्पताल की दिनचर्या से कुछ समय के लिए राहत देना और मरीजों को खुले वातावरण में शहर की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना रहा। भ्रमण के दौरान यात्रियों के चेहरों पर सुकून, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा साफ झलकती नजर आई।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह आयोजन महज एक पर्यटन कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना से जुड़ा प्रयास है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अस्पतालों में उपचाररत कैंसर मरीजों को शहर की सांस्कृतिक धरोहर से जोड़कर उनका मनोबल बढ़ाना इस पहल का मूल उद्देश्य है। यह संदेश देता है कि पर्यटन केवल भ्रमण नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी सशक्त माध्यम है। भविष्य में भी उत्तर प्रदेश पर्यटन ऐसी संवेदनशील और समावेशी पहलों को आगे बढ़ाएगा।
भ्रमण में शामिल मरीजों ने इस पहल को यादगार बताया। मरीज रजनी वर्मा ने कहा कि अस्पताल के कमरे से बाहर निकलकर शहर को देखना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा, खासकर विधानसभा को भीतर से देखना जीवनभर याद रहेगा।
वहीं, मरीज अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि बीमारी के चलते यात्रा संभव नहीं हो पा रही थी, लेकिन इस टूर ने उन्हें फिर से खुशी और सकारात्मकता का एहसास कराया। मरीजों के साथ मौजूद डॉ अभिषेक ने बताया कि यात्रा के दौरान मरीज उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। ऐसे अनुभव मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी होते हैं। मरीजों की सेहत को ध्यान में रखते हुए डॉक्टरों की सलाह के अनुसार बस में हल्का एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया गया। भ्रमण के अंत में सभी यात्रियों को स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए।
Tagsलखनऊ न्यूजविश्व कैंसर दिवसयूपीएसटीडीसीउत्तर प्रदेश पर्यटनकैंसर मरीजलखनऊ दर्शनडबल डेकर इलेक्ट्रिक बससामाजिक सरोकारजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





