उत्तर प्रदेश

Gorakhpur में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, रॉड-डंडे से हमला कर ली जान

Ratna Netam
21 July 2026 7:21 PM IST
Gorakhpur में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, रॉड-डंडे से हमला कर ली जान
x

Gorakhpur गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के हरपुर बुढ़हट थाना क्षेत्र में हुए प्रेमसागर यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि करीब तीन महीने पहले शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद और थप्पड़ मारने की घटना का बदला लेने के लिए मृतक के ही दोस्तों ने हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले प्रेमसागर यादव को शराब पिलाई और इसके बाद उसे सुनसान स्थान पर ले गए। वहां रॉड और डंडे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोपी उसे मरा हुआ समझकर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए थे। बाद में इलाज के दौरान बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई।

एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि 19 जुलाई की सुबह बैजलपुर ग्राम पंचायत भवन के पास सड़क किनारे प्रेमसागर यादव अचेत अवस्था में मिला था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार के लोग उसे इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता ज्ञानेंद्र यादव की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए कई स्तरों पर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सर्विलांस टीम की मदद ली और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल भी जांची।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद थाना क्षेत्र के रावतपार निवासी अखिलेश यादव (20 वर्ष), अजीत कुमार यादव उर्फ सिंटू (40 वर्ष) और मामतपुर कठर निवासी सुधीर यादव (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कुछ समय पहले शराब पार्टी के दौरान प्रेमसागर यादव और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान प्रेमसागर द्वारा थप्पड़ मारे जाने की बात से आरोपी नाराज थे और उन्होंने इसका बदला लेने की योजना बनाई। इसी योजना के तहत आरोपियों ने प्रेमसागर को विश्वास में लिया और उसे शराब पीने के लिए बुलाया।

इसके बाद आरोपियों ने उसे सुनसान जगह पर ले जाकर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद उसे सड़क किनारे छोड़ दिया, ताकि घटना हादसे जैसी लगे। हालांकि पुलिस की जांच में हत्या की साजिश का पर्दाफाश हो गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। इस हत्याकांड के खुलासे के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली है।

Next Story