उत्तर प्रदेश

शामली में सनसनीखेज वारदात, भाई पर बहन की हत्या का आरोप

Ratna Netam
1 Aug 2026 9:00 PM IST
शामली में सनसनीखेज वारदात, भाई पर बहन की हत्या का आरोप
x

शामली : उत्तर प्रदेश के शामली जिले के नौनांगली गांव की रहने वाली युवती गरिमा की 19 जुलाई को हुई मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि यह मामला आत्महत्या या सामान्य मौत नहीं बल्कि हॉरर किलिंग का था। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग के चलते शादी का रिश्ता टूटने से नाराज भाई ने ही अपनी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद परिवार शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले आया था, लेकिन प्रेमी की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का खुलासा हुआ।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि नौनांगली गांव निवासी सुधीर का शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला खुशहाली विहार में भी मकान है। उनका परिवार कभी गांव तो कभी शामली स्थित मकान में रहता था। इसी मकान में गरिमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शुरुआती तौर पर परिवार की ओर से इसे सामान्य मौत बताने की कोशिश की गई, लेकिन बाद में सामने आए तथ्यों ने पूरे मामले को बदल दिया।

पुलिस जांच में पता चला कि गरिमा का पास के गांव ताना निवासी हिमांशु नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हिमांशु गरिमा के भाई अर्जुन का दोस्त था, जिसके चलते उसका घर आना-जाना भी था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। परिजनों ने गरिमा की शादी कहीं और तय कर दी थी।

जांच में सामने आया कि हिमांशु ने उस युवक को गरिमा के प्रेम संबंध के बारे में बता दिया था, जिससे शादी का रिश्ता टूट गया। इसके बाद परिवार में नाराजगी बढ़ गई। पुलिस के मुताबिक इसी बात से गुस्साए भाई अर्जुन ने बहन की हत्या करने का फैसला लिया। आरोप है कि उसने गरिमा का गला दबाकर उसकी जान ले ली।

घटना के बाद परिवार शव को लेकर गांव नौनांगली पहुंच गया और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगा। इसी दौरान गरिमा के प्रेमी हिमांशु को हत्या की आशंका हुई। उसने पुलिस को सूचना देकर पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार के विरोध के बावजूद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गरिमा की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या की धाराओं में दर्ज किया। पुलिस ने हिमांशु की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका के पिता सुधीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस की जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रेम प्रसंग और परिवार की प्रतिष्ठा से जुड़ी नाराजगी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर समाज में ऑनर किलिंग जैसी घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रेम संबंधों या विवाह जैसे निजी फैसलों को लेकर हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती। पुलिस प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें और हिंसा का रास्ता न अपनाएं।

Next Story