- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow में सनसनीखेज...

लखनऊ: राजधानी के पारा थाना क्षेत्र के हंसखेड़ा इलाके में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक युवक ने अपने भाई की प्रेमिका को घर में घुसकर गोली मार दी। घायल युवती की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना रात करीब 11 बजे की है। पुलिस के मुताबिक, अंशिका यादव (24) अपने परिवार के साथ हंसखेड़ा में रहती है। पड़ोस में रहने वाला सतीश यादव उर्फ डेनी देर रात मोटरसाइकिल से अंशिका के घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। अंशिका ने जैसे ही गेट खोला, सतीश ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने तमंचा निकालकर गोली चला दी, जो अंशिका के पेट में लगी।
गोली लगते ही अंशिका लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। फायरिंग की आवाज सुनकर घरवाले और पड़ोसी दौड़े, लेकिन तब तक सतीश तमंचा लहराते हुए फरार हो चुका था। पड़ोसियों की मदद से अंशिका को तत्काल लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अंशिका का प्रेम-प्रसंग सतीश के छोटे भाई संदीप उर्फ गोगा से है। बताया जा रहा है कि सतीश इस रिश्ते से नाराज़ था और अंशिका को अपने भाई से दूर करना चाहता था। इसी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया।
डायल-112 पर सूचना मिलते ही पारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
संदीप पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस रिकॉर्ड में सामने आया है कि सतीश का भाई संदीप एक विवादित किस्म का व्यक्ति है और उसके खिलाफ पारा व अन्य थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ समय पहले संदीप को जिला बदर भी किया गया था।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।





