उत्तर प्रदेश

Firozabad में सनसनीखेज वारदात, दादा की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा

Ratna Netam
5 July 2026 10:02 PM IST
Firozabad  में सनसनीखेज वारदात, दादा की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा
x

Firozabad फिरोजाबाद : फिरोजाबाद के टूंडला थाना क्षेत्र में प्रेम संबंधों और शादी में बाधक बने एक बुजुर्ग की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की नातिन और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने मिलकर बुजुर्ग की चाकू से हत्या की और सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया था।

यह घटना 26 जून की रात गांव मोहम्मदाबाद में हुई थी, जहां ब्रह्मऋषि उर्फ नरेंद्र पाल सिंह की हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में यह मामला हादसा प्रतीत हुआ, क्योंकि घटनास्थल के पास बिजली का तार टूटा हुआ मिला था, जिससे आशंका जताई गई कि मौत करंट लगने से हुई होगी। लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई कुछ और ही निकली।

सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि मृतक की नातिन अपने प्रेमी विपिन के साथ शादी करना चाहती थी, लेकिन बुजुर्ग इस रिश्ते के खिलाफ थे और उन्होंने नातिन की शादी कहीं और तय कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर दोनों ने हत्या की साजिश रची।

मृतक की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान विपिन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि नातिन के कहने पर उसने चाकू से हमला कर हत्या की और बाद में शव को जला दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं, जिन्हें उसने रेलवे स्टेशन के पास एक खंडहर में छिपा दिया था। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Next Story