- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- बाबतपुर के होटल में...
बाबतपुर के होटल में सनसनीखेज वारदात, चाकू से गला रेतकर युवती की हत्या

वाराणसी: बाबतपुर एयरपोर्ट के पास स्थित एक होटल में सोमवार देर रात दो युवाओं की मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। होटल के एक कमरे में 23 वर्षीय युवती का शव बाथरूम में खून से लथपथ मिला, जबकि उसके साथ ठहरा 20 वर्षीय युवक पंखे से लटका हुआ पाया गया। शुरुआती पुलिस जांच में आशंका जताई गई है कि युवक ने पहले युवती की हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली।
मृतकों की पहचान मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भिखारीपुर निवासी जय विकास केसरी और बड़ागांव क्षेत्र के बसनी निवासी प्रिया केसरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों सोमवार दोपहर बाबतपुर स्थित केजे इंटरनेशनल होटल पहुंचे थे। उन्होंने होटल में खुद को पति-पत्नी बताते हुए कमरा बुक कराया था।
रात करीब 10 बजे होटल कर्मचारी भोजन का ऑर्डर लेने कमरे के बाहर पहुंचा। कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर कर्मचारी ने प्रबंधन को जानकारी दी। होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया।
कमरे के भीतर युवती का शव बाथरूम में पड़ा था। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले। वहीं युवक का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ था। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान, एडीसीपी नृपेन्द्र और बड़ागांव पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रिया एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। उसकी बड़ी बहन की शादी के बाद जय विकास से उसका परिचय हुआ था। जय विकास रिश्ते में प्रिया की बहन का देवर लगता था। बताया गया है कि इसी परिचय के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
पुलिस को शुरुआती पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि प्रिया की शादी किसी अन्य जगह तय हो गई थी। इससे जय विकास नाराज था और कथित तौर पर उस पर अपने साथ विवाह करने का दबाव बना रहा था। पुलिस इस घटनाक्रम को वारदात के संभावित कारणों में शामिल कर जांच कर रही है।
डीसीपी नीतू कादयान ने बताया कि दोनों के परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया था। उनकी मौजूदगी में होटल का कमरा खुलवाया गया। प्रथम दृष्टया मामला युवती की हत्या के बाद युवक की आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल फॉरेंसिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा विस्तृत विवेचना के बाद ही हो सकेगा।





