उत्तर प्रदेश

कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के आश्रम के बाहर दो महिलाओं के शव मिलने से फैली सनसनी

Teja
28 Oct 2022 1:09 PM GMT
कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के आश्रम के बाहर दो महिलाओं के शव मिलने से फैली सनसनी
x
वृंदावन में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के गौरी गोपाल आश्रम के सामने शुक्रवार की सुबह दो महिलाओं के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर के पोस्टमार्टम के लिए भेजा। महिलाओं की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस जांच में जुटी है। तीर्थनगरी की संत कॉलोनी में भागवत कथावाचक अनिरुद्धाचार्य का गौरी गोपाल आश्रम है।
शुक्रवार की सुबह आश्रम के बाहर दो महिलाओं के शव मिले। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर मामले की जांच शुरू कर दी। दोनों महिलाओं की पहचान 61 वर्षीय चंपा गुप्ता निवासी लखनऊ और 68 वर्षीय सुशीला देवी निवासी बिहार के रूप में हुई है। हालांकि अभी तक महिलाओं की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की जानकारी हो सकेगी।
आश्रम प्रबंधन पर लगा आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन महिलाओं की मौत का जिम्मेदार गौरी गोपाल आश्रम प्रबंधन है। बाबा मनमोहन दास ने बताया कि अनिरुद्धाचार्य द्वारा महिलाओं की सेवा, भोजन वितरण आदि सेवाओं का प्रचार प्रसार तो खूब किया जाता है, लेकिन आश्रम में कथा सुनने आने वाले श्रद्धालुओं के विश्राम की कोई व्यवस्था तक नहीं की जाती है। उनके साथ बुरा बर्ताव किया जाता है। आरोप है कि गौरी गोपाल आश्रम में रात में श्रद्धालुओं को रुकने तक नहीं दिया जाता। आश्रम के लोग महिलाओं को पीटकर बाहर भगा देते हैं, जिससे श्रद्धालुओं को बाहर सोना पड़ता है। वृंदावन कोतवाली प्रभारी सूरज प्रकाश शर्मा ने बताया कि मृतकों के परिवारवालों को सूचना दे दी गई है। परिवार वालों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Next Story