उत्तर प्रदेश

हापुड़ में सनसनी, शिक्षिका को पानी की जगह पिलाया तेजाब

Saba Naaz
11 July 2026 2:45 PM IST
हापुड़ में सनसनी, शिक्षिका को पानी की जगह पिलाया तेजाब
x

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक निजी स्कूल की शिक्षिका को पानी की बोतल समझकर तेजाब की बोतल दे दी गई। बोतल से घूंट लेते ही शिक्षिका के गले में तेज जलन शुरू हो गई और उनकी हालत बिगड़ गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना कोतवाली हापुड़ क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित अर्जुन नगर मोहल्ले की है। जानकारी के अनुसार, अर्जुन नगर निवासी रिया एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। शुक्रवार शाम वह खरीदारी के लिए मोहल्ले में स्थित सराफा एमके ज्वेलर्स की दुकान पर गई थीं। इसी दौरान उन्हें प्यास लगी और उन्होंने दुकान पर पानी की मांग की।

बताया जा रहा है कि ज्वेलर्स महेश कुमार ने पास की एक कन्फेक्शनरी दुकान से पानी की बोतल मंगवाई थी। आरोप है कि दुकान पर मौजूद देनू नाम की महिला ने गलती से पानी की जगह तेजाब से भरी बोतल दे दी।

जानकारी के मुताबिक, तेजाब को पानी की ब्रांडेड बोतल में भरकर फ्रिज में रखा गया था। शिक्षिका ने जब उसे पानी समझकर पिया तो कुछ ही देर में उनके गले में तेज जलन होने लगी। इसके बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शिक्षिका की मदद की और उनके परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया।

मेरठ के अस्पताल में शिक्षिका का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि तेजाब पीने से उनके मुंह और गले पर असर पड़ा है। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तेजाब की बोतल पानी की बोतल में कैसे पहुंची। पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।

इस घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, विभाग के अधिकारियों ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए दुकानों पर रखी जाने वाली खाद्य सामग्री और पेय पदार्थों की निगरानी जरूरी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह घटना महज गलती थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। मामले में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने इलाके में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तेजाब जैसे खतरनाक पदार्थों के भंडारण और बिक्री को लेकर सख्ती बरती जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Next Story