उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में नवजात का शव मिलने से सनसनी

Saba Naaz
2 Aug 2026 8:19 PM IST
फर्रुखाबाद में नवजात का शव मिलने से सनसनी
x

फर्रुखाबाद जिले: एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कादरीगेट-पांचालघाट मार्ग पर सड़क किनारे एक गड्ढे में नवजात बालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि अवैध प्रसव के बाद नवजात का शव यहां लाकर फेंका गया हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब दो बजे कादरीगेट-पांचालघाट मार्ग पर सड़क किनारे गड्ढे में लोगों ने एक नवजात का शव पड़ा देखा। शव को कुत्तों ने अपना शिकार बना लिया था और उसके सिर का कुछ हिस्सा नोच लिया था। मौके पर मौजूद लोगों ने कुत्तों को भगाया और इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही कादरीगेट चौकी प्रभारी केके कश्यप मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई। नवजात के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शव किसने और कब यहां फेंका। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

बताया जा रहा है कि जिले में नवजातों के शव मिलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले शनिवार को बढ़पुर क्षेत्र में एक नर्सिंगहोम के पास भी एक नवजात का शव मिला था। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कई बार अवैध तरीके से प्रसव कराने के बाद नवजात के शवों को सुनसान स्थानों पर फेंक दिया जाता है। डिप्टी सीएमओ डॉ. आरसी माथुर ने बताया कि ऐसे मामलों में पुलिस की मदद से सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जा रही है, ताकि शव फेंकने वालों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस आसपास के अस्पतालों और नर्सिंगहोम की जानकारी भी जुटा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि हाल में किसी जगह अवैध प्रसव हुआ था या नहीं।

इसी बीच पांचालघाट स्थित स्वर्गधाम में भी कुत्तों के आतंक की घटना सामने आई है। यहां अंतिम संस्कार में शामिल होने आए दो लोगों पर कुत्ते ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। जानकारी के मुताबिक, कन्नौज निवासी यशराज भदौरिया और मैनपुरी निवासी गुड्डू शर्मा अंत्येष्टि में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान घाट पर मौजूद एक कुत्ते ने पहले यशराज के पैर में काट लिया। लोगों ने जब कुत्ते को भगाया तो उसने गुड्डू शर्मा को भी काट लिया।

घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। दोनों घायलों ने पास के क्लीनिक में जाकर प्राथमिक उपचार कराया। नगर पालिका परिषद के ईओ विनोद कुमार ने बताया कि शहर में बढ़ रहे कुत्तों और बंदरों के आतंक को देखते हुए जल्द ही उन्हें पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल नवजात शव मामले में पुलिस जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी मासूम के साथ ऐसी दर्दनाक घटना न हो।

Next Story