- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- प्रदेश में स्वयं...
प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों ने 80 लाख से अधिक तैयार किए झण्डे

लखनऊ। हर घर तिरंगा अभियान के मद्देनजÞर प्रदेश में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी झंडा तैयार करने व वितरित किए जाने की जिम्मेदारी दी गई है। इस सम्बंध में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह स्वयं सहायता समूहों को झंडा बनाने व वितरण के लिए जो लक्ष्य दिया गया है उसे पूरी तत्परता के साथ पूरा कराने के प्रयास किए जाएं। इससे हर घर तिरंगा सरकारी कार्यक्रम पूरी तरह सफल और सार्थक होगा। यह कार्यक्रम पूरी गरिमा और गौरव के साथ तो मनाया ही जाएगा, साथ ही स्वयं सहायता समूहों की आमदनी झंडा निर्माण से भी बढ़ेगी और उनके आत्मनिर्भर व स्वावलंबन का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार झंडा बनाने के लिए प्रदेश में 9361 स्वयं सहायता समूहों की 37725 महिलाएं काम कर रही हैं तथा करीब डेढ़ करोड़ झंडे बनाने का लक्ष्य है और अब तक 80 लाख से ऊपर झण्डों का निर्माण किया जा चुका है। सरकारी सेक्टर में अब तक 3470861 और प्राइवेट सेक्टर में 435532 झण्डों का वितरण स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जा चुका है। इस तरह से अब तक 4.5 करोड़ से अधिक की धनराशि के झण्डे वितरित किए जा चुके हैं। झण्डा बनाने और वितरण करने का कार्य अनवरत रूप से चल रहा है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रीय गौरव के इस कार्यक्रम में लोगों से बढ़ चढ़कर भाग लेने की गुजारिश की है। इससे हर घर तिरंगा कार्यक्रम के माध्यम से देश के अमर वीर शहीदों के त्याग, बलिदान, साहस और शौर्य की प्रेरक स्मृतियां तो ताजा होंगी ही, साथ ही भावी पीढ़ी को प्रेरणादायक संदेश भी मिलेगा। उपमुख्यमंत्री केपी मौर्य ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे इस कार्यों को लेकर सराहना भी की है।