उत्तर प्रदेश

आतंकी अलर्ट के बीच यूपी में सुरक्षा कड़ी, कांवड़ मार्गों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश

Ratna Netam
2 Aug 2026 9:26 PM IST
आतंकी अलर्ट के बीच यूपी में सुरक्षा कड़ी, कांवड़ मार्गों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश
x

लखनऊ : आतंकी साजिश को लेकर उत्तर प्रदेश में जारी हाई अलर्ट के बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को विधान भवन के सभागार में मानसून सत्र-2026 के दौरान कानून व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को विधानसभा सत्र के दौरान कड़े सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने को कहा।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा मार्गों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या शरारती तत्वों की गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाए और समय रहते कार्रवाई की जाए।

दरअसल, जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटना के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री आवास, विधान भवन और कांवड़ यात्रा मार्गों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया था। इसके बाद राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। पुलिस और खुफिया विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन हर नागरिक का अधिकार है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्र आंदोलनों के दौरान अनावश्यक सख्ती न बरती जाए। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आंदोलन की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने या आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भविष्य में लखनऊ के अलीगंज में हुए अग्निकांड जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था जरूरी है। सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और खुफिया तंत्र को सक्रिय रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी संभावित घटना को रोकने के लिए पहले से रणनीति तैयार की जाए और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उपमुख्यमंत्री ने एनओसी (अनापत्ति प्रमाण-पत्र) जारी करने की प्रक्रिया को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनओसी के नाम पर किसी भी नागरिक का उत्पीड़न या शोषण नहीं होना चाहिए। सभी विभागों को पारदर्शी तरीके से काम करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अवैध धर्मांतरण के मामलों पर भी चर्चा हुई। केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को अवैध धर्मांतरण की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहते हुए ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

कांवड़ यात्रा को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुविधाजनक तरीके से संपन्न होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने चेतावनी दी कि कांवड़ यात्रा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अयोध्या राममंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी मामले की भी समीक्षा की गई। उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कानून व्यवस्था की इस समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश, एडीजी यातायात ए. सतीश गणेश, एडीजी लॉजिस्टिक्स संजीव गुप्ता, एडीजी मानवाधिकार राज कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को साफ संदेश दिया गया कि मानसून सत्र, कांवड़ यात्रा और आतंकी अलर्ट को देखते हुए प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था किसी भी स्तर पर कमजोर नहीं पड़नी चाहिए। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी, त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया।

Next Story