उत्तर प्रदेश

पर्व से पहले नोएडा में सुरक्षा कड़ी, पुलिस ने फुट पेट्रोलिंग कर परखी व्यवस्था

Ratna Netam
25 July 2026 9:01 PM IST
पर्व से पहले नोएडा में सुरक्षा कड़ी, पुलिस ने फुट पेट्रोलिंग कर परखी व्यवस्था
x

नोएडा : आगामी चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

शनिवार को डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने एसीपी द्वितीय ग्रेटर नोएडा प्रशाली गंगवार के साथ थाना जारचा कार्यालय में बैठक की। बैठक में चेहल्लुम पर्व को लेकर शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों को उनका सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान उनकी समस्याएं और सुझाव सुने गए। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

संवेदनशील स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चेहल्लुम पर्व के दौरान सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को सुचारु रखा जाएगा। जुलूस और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।

इसके बाद थाना जारचा के पुलिसकर्मियों के साथ अलग बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

सेक्टर-63 क्षेत्र में डीसीपी ने की फुट पेट्रोलिंग

पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में पुलिस बल के साथ फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

फुट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा गया।

डीसीपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि पीसीआर और पीआरवी वाहन लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहें, ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जा सके।

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि चेहल्लुम पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।

Next Story