उत्तर प्रदेश

शापिंग मॉल में सिक्योरिटी गार्ड ने तमंचे के बल पर किया दुष्कर्म

Admin4
30 March 2023 12:53 PM GMT
शापिंग मॉल में सिक्योरिटी गार्ड ने तमंचे के बल पर किया दुष्कर्म
x
मुरादाबाद। महानगर के एक शापिंग माॅल में सिक्योरिटी गार्ड ने महिला से तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर पर सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर व हाउस कीपर के खिलाफ सिविल लाइंस पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाली पीड़िता ने तहरीर देकर बताया कि वह कांठ रोड स्थित पीवीआर मॉल में एक जनवरी 2023 से हाउस कीपिंग के पद पर कार्यरत है। पीड़िता के मुताबिक मॉल में सुपरवाइजर के पद पर तैनात नवनीत की नजर पहले ही दिन से खराब थी। वह लगातार महिलाकर्मी का मानसिक शोषण करने लगा। महिला पर नाजायज संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। तब पीड़िता ने आरोपी को आगाह करते हुए पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी। पीड़िता के होश तब फाख्ता हो गए, जब माॅल में हाउस कीपर के रूप में कार्यरत गुड्डू राम ने मोबाइल फोन पर उससे अश्लील बातें शुरू कर दीं।
हालांकि गुड्डू राम की बातों पर पीड़िता ने गौर नहीं किया। इधर नवनीत ने सिक्योरिटी गार्ड रोहताश को महिला के पीछे लगा दिया। पीड़ित के मुताबिक 27 फरवरी को सुबह करीब सुबह सात बजे वह पीवीआर पहुंची। चेंजिंग रूम में महिला कपड़े बदल रही थी। तभी सिक्योरिटी गार्ड रोहताश ने चेंजिंग रूम का दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। फिर महिला की कनपटी पर आरोपी ने तमंचा तान दिया।
जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। तब गुड्डू राम चेंजिंग रूम के बाहर मौजूद रहा। दुष्कर्म के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी। कहा कि यदि जुबान खोली तो खैर नहीं होगी। पति समेत महिला की हत्या कर देगा। तमंचे के बल पर दुष्कर्म से पीड़िता दहशत में आ गई। पति के बार-बार कुरेदने पर पीड़िता ने आपबीती बताई। घटना के बावत प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। छापेमारी की जा रही है।
Next Story