- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Sector -24 पुलिस की...
Sector -24 पुलिस की कार्रवाई, वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश

Noida नोएडा : थाना सेक्टर-24 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर सात चोरी के दोपहिया वाहन, तीन चोरी और स्नैच किए गए मोबाइल फोन, चार अवैध चाकू सहित अन्य सामान बरामद किया है। इस मामले में एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-24 पुलिस को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग करने वाले गिरोह के बारे में जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सेक्टर-11 स्थित मदर डेयरी के पास गंदे नाले के पुस्ते से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र पुत्र सतीश चंद, अरबाज पुत्र मोहम्मद शरीफ और अभिषेक शाह पुत्र कृष्णा शाह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चार स्कूटी, तीन मोटरसाइकिल, तीन चोरी किए गए मोबाइल फोन, दो टूटी हुई नंबर प्लेट, 1,200 रुपये नकद और चार अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली, नोएडा और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में पहले रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर भीड़भाड़ वाले स्थानों और घरों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों को चोरी कर लेते थे। इसके अलावा आरोपी राह चलते लोगों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन भी छीन लेते थे।
आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि चोरी किए गए वाहनों को छिपाने के लिए सेक्टर-54 स्थित जंगल और झाड़ियों का इस्तेमाल किया जाता था। वाहन चोरी करने के बाद आरोपी उनकी नंबर प्लेट तोड़ देते थे, जिससे उनकी पहचान छिपाई जा सके। इसके बाद मजबूरी का बहाना बनाकर इन वाहनों को कम कीमत में राह चलते लोगों को बेच दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए मोबाइल फोन और वाहनों की बिक्री से मिलने वाली रकम को सभी आरोपी आपस में बराबर बांट लेते थे। आरोपी इस पैसे का इस्तेमाल अपने निजी शौक पूरे करने में करते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के दौरान लोगों को डराने और विरोध करने पर हमला करने के लिए आरोपी अपने पास अवैध चाकू रखते थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
नोएडा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और चोरी व स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।





