- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- फंसे लोगों को बचाने के...
फंसे लोगों को बचाने के लिए SDRF की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला

न्यूज़क्रेडिट: अमरउजाला
आगरा के बाह में बाढ़ से हालात अभी सामान्य नहीं हैं। बीहड़ में बसे कई गांव चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए एसडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाल लिया है। शुक्रवार सुबह से ही टीम ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। टीम को सूचना मिली थी कि खेत की रखवाली करने गए तीन किसान बाढ़ के चलते बीहड़ में घिर गए, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए टीम ने सुबह के समय रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। तीनों किसानों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। वहीं बाढ़ प्रभावित गांव का दौरा करने केबिनेट मंत्री आशीष पटेल एवं राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री रजनी तिवारी और विधायक रानी पक्षालिका सिंह शुक्रवार को पहुंची।
खतरे के निशान से ऊपर बह रही चंबल
चंबल खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। चंबल का जलस्तर 137.80 मीटर पहुंच गया है, जो शुक्रवार सुबह यहां स्थिर हो गया है। हालांकि मुसीबतें अभी बरकरार हैं। कई लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने का क्रम जारी है।
उप जिलाधिकारी बाह को मिली थी सूचना
बाह के भटपुरा गांव के तीन किसान खेत की रखवाली करते समय बाढ़ फंस गए थे। पीड़ितों ने उप जिलाधिकारी बाह को बाढ़ में फंसे होने की सूचना दी, जिसके बाद आज सुबह बाढ़ में फंसे इन किसानों को निकालने एसडीआरएफ टीम पहुंची।
एसडीआरएफ टीम ने सेफ्टी किट के साथ बाढ़ में फंसे तीनों किसानों को बोट की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला। तीनों ही किसान भूखे और प्यासे थे। सुरक्षित स्थान पर पहुंचने और इस मदद के लिए किसानों ने टीम के सदस्यों का धन्यवाद दिया, तो वहीं उनके परिजनों की चिंता भी दूर हुई।
बता दें चंबल की बाढ़ में फंसे लोगों की मदद के लिए एसडीआरएफ, पीएसी व जल पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। एसडीएम बाह ने बताया कि ग्रामीणों तक हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।
वहीं बाढ़ प्रभावित गांव का दौरा करने केबिनेट मंत्री आशीष पटेल एवं राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री रजनी तिवारी और विधायक रानी पक्षालिका सिंह शुक्रवार को पहुंची। इस दौरान चंबल में बाढ़ की स्थिति को लेकर जायजा लिया और प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के गांव में हर संभव सहायता पहुंचाने के प्रशासनिक अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश दिए। साथ ही कहा कि इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से बात की जाएगी।
न्यूज़क्रेडिट: अमरउजाला