उत्तर प्रदेश

Save water अभियान को मिली रफ्तार, भूजल सप्ताह पर ग्रामीणों को दी गई जानकारी

Ratna Netam
16 July 2026 5:57 PM IST
Save water  अभियान को मिली रफ्तार, भूजल सप्ताह पर ग्रामीणों को दी गई जानकारी
x

Bulandshahr बुलंदशहर : जिले में 16 से 22 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले भूजल सप्ताह का शुभारंभ गुरुवार को सिकंदराबाद विकासखंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय भटपुरा में किया गया। इस वर्ष भूजल सप्ताह की थीम "जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प" रखी गई है। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों को भूजल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मनोज कुमार शर्मा, भूगर्भ जल विभाग के नोडल अधिकारी राहुल देव शर्मा, लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता डीसी चंदेल, विद्यालय शिक्षिका प्रमिला शर्मा सहित विभागीय अधिकारी, ग्रामीण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूगर्भ जल विभाग के नोडल अधिकारी राहुल देव शर्मा ने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि भूजल संसाधन सीमित हैं और लगातार बढ़ते दोहन के कारण जल स्तर में गिरावट देखने को मिल रही है। ऐसे में हर व्यक्ति को पानी बचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।

उन्होंने विद्यार्थियों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण से जुड़े विषयों पर निबंध लेखन के लिए प्रेरित किया, ताकि उनमें पानी बचाने के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।

लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता डीसी चंदेल ने ग्रामीणों को दैनिक जीवन में पानी की बचत करने के आसान उपाय बताए। उन्होंने कहा कि ब्रश करते समय, शेविंग करते समय या अन्य घरेलू कार्यों के दौरान नल को अनावश्यक रूप से खुला नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि पानी बचाने के लिए मग का उपयोग करें और जरूरत के अनुसार ही जल का इस्तेमाल करें।

ग्राम प्रधान मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर जल संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गांवों में निष्क्रिय पड़े जलाशयों की पहचान कर जनसहभागिता और श्रमदान के माध्यम से उनके पुनर्जीवन की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तालाबों और जल स्रोतों का संरक्षण भूजल स्तर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के दौरान भूगर्भ जल विभाग, लघु सिंचाई विभाग और जल निगम (ग्रामीण) के अधिकारियों ने ग्रामीणों को जल जीवन मिशन "हर घर जल" योजना, सुरक्षित पेयजल, जलजनित बीमारियों से बचाव, पाइप जलापूर्ति के सही उपयोग और भूजल संरक्षण के संबंध में जानकारी दी।

ग्राम प्रधान ने बताया कि हर घर जल योजना लागू होने के बाद भटपुरा, सोमनाथगढ़ी और मुख्त्यारगढ़ी गांवों में शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति हो रही है। इसके कारण सबमर्सिबल पंपों पर निर्भरता कम हुई है, जिससे भूजल के संरक्षण में मदद मिल रही है।

कार्यक्रम के अंत में पावर मेक फाउंडेशन की ओर से विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित की गईं। वहीं भूगर्भ जल विभाग द्वारा जल संरक्षण से संबंधित जागरूकता पंपलेट बांटे गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए जल संरक्षण को केवल अभियान नहीं बल्कि जन आंदोलन बनाया जाए।

अधिकारियों ने कहा कि यदि समय रहते जल संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है। भूजल सप्ताह के दौरान जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को पानी बचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Next Story