- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Sant Kabir Nagar: पति...
Sant Kabir Nagar: पति के विदेश रहते देवर से शादी, पंचायत ने दी सहमति

संतकबीरनगर: संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिहरपुर नगर पंचायत में रिश्तों की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली, जहां एक महिला ने अपने देवर संग विवाह रचा लिया। खास बात यह रही कि यह विवाह नगर पंचायत अध्यक्ष के कैंप कार्यालय में परिवार और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला की शादी छह महीने पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उसका पति रोजगार की तलाश में मुंबई चला गया। पति के जाने के बाद महिला की नजदीकियां अपने देवर अमित से बढ़ने लगीं और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। जैसे ही यह बात घरवालों को पता चली, परिवार में हलचल मच गई और आपत्ति जताई गई। विरोध के चलते दोनों ने घर छोड़ दिया। हालांकि, बाद में परिजनों द्वारा दोनों को समझा-बुझाकर वापस लाया गया।
इसके बाद मामला नगर पंचायत अध्यक्ष रविंद्र प्रताप शाही उर्फ पप्पू शाही के पास पहुंचा। अध्यक्ष ने दोनों पक्षों की सहमति से देवर और भाभी की शादी करवाने का निर्णय लिया। सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ अमित ने अपनी भाभी प्रिया की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी बना लिया। विवाह समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य और स्थानीय सभासद भी मौजूद रहे।
शादी के दौरान सभासद जयराम, पवन शर्मा, चंदन सैनी, महेश गोस्वामी, दीपक चौधरी और विधायक प्रतिनिधि पंकज कन्नौजिया भी उपस्थित थे। इस पूरे घटनाक्रम पर महिला के पहले पति ने कहा कि उसे इस विवाह से कोई लेना-देना नहीं है।





