उत्तर प्रदेश

Sambhal: अग्निकांड से टली शादी, पड़ोसी की तहरीर पर FIR दर्ज

Ashish verma
30 May 2025 11:54 PM IST
Sambhal: अग्निकांड से टली शादी, पड़ोसी की तहरीर पर FIR दर्ज
x
Sambhal: अग्निकांड से टली शादी

Chandausi.चंदौसी। शहर से सटे मौलागढ़ गांव के जिस मकान में गुरुवार को आग लगी थी, उसमें शुक्रवार को बारात जानी थी। हादसे को देखते हुए फिलहाल शादी को स्थगित कर दिया गया है। लड़के पक्ष के लोग इस संबंध में बातचीत के लिए लड़की के घर गए हैं। उधर, पड़ोसी विनीत सैनी की तहरीर पर पुलिस ने घर में अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ रखने के आरोप में तीन नामजद, एक पेट्रोल पंप मालिक और 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं, पूर्ति विभाग ने मकान और पेट्रोल पंप से लिए गए सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। ये है पूरा मामला मौलागढ़ के शिव मंदिर रोड निवासी राजेश कुमार गौतम के घर में गुरुवार को छोटे बेटे कुलदीप की शादी की तैयारियां चल रही थीं। शुक्रवार को बारात जानी थी।

इसी बीच गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे रसोई में रखे गैस सिलेंडर से गैस लीक होने से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने बाहर दुकान में रखे ज्वलनशील पदार्थ के ड्रमों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद आग और भीषण हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।परिजनों का कहना है कि अंदर के दो कमरों को छोड़कर बाहर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि इसमें दहेज का सामान भी शामिल था। घटना के बाद शादी पर संशय के बादल मंडराने लगे हैं।शुक्रवार को बारात अमरोहा जानी थी, लेकिन सुबह होते-होते यह साफ हो गया कि बारात नहीं जाएगी।

कुछ रिश्तेदारों का कहना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए शादी टाल दी गई है। लड़के के परिवार के कुछ लोग आगे की बातचीत के लिए लड़की के घर गए हैं। उनके लौटने के बाद ही आगे की स्थिति साफ हो सकेगी।उधर, गुरुवार रात चंदौसी कोतवाली पुलिस ने पड़ोसी विनीत सैनी पुत्र तेजपाल सिंह निवासी शिव मंदिर रोड मौलागढ़ की तहरीर पर अग्निकांड में राजेश कुमार गौतम, उसके भाई निवासी शिव मंदिर रोड मौलागढ़, पेट्रोल पंप मालिक अजीत सिंह व 8-10 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने धोखाधड़ी से पेट्रोल व डीजल बनाने व उसे असली बताकर कालाबाजारी करने, दूसरे पेट्रोल पंपों पर बेचने, पेट्रोल बनाते समय पेट्रोल के ड्रम में आग लगने, जिससे वादी के घर में आग लगने से नुकसान होने व आसपास के लोगों की जान खतरे में डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।


Next Story