उत्तर प्रदेश

Sambhal: ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर रंगशाला संचालक की दर्दनाक मौत

Admindelhi1
4 Jun 2025 3:36 PM IST
Sambhal: ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर रंगशाला संचालक की दर्दनाक मौत
x

संभल: जुनावई थाना क्षेत्र में एक दुर्घटनावश रंगशाला संचालक की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह ट्रैक्टर पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था और असंतुलन के कारण फिसलकर ट्राली के नीचे आ गया।

जानकारी के मुताबिक, मोनू (30 वर्ष) पुत्र चंद्रपाल, निवासी गांव बदरपुर, थाना डिबाई, जनपद बुलंदशहर, मंगलवार की शाम बदायूं के थाना सहसवान क्षेत्र स्थित एक गांव में रंगशाला लेकर जा रहे थे। जैसे ही वे जुनावई थाना क्षेत्र के दुबारी कला गांव के पास बदायूं-मेरठ हाईवे पर पहुंचे, मोनू ने वाहन चलाने की जिम्मेदारी अपने साथी जयवीर (निवासी नयावास, थाना डिबाई) को सौंप दी और खुद ट्रैक्टर से उतरकर गुटखा लेने दुकान की ओर चला गया।

कुछ देर बाद जब वह वापस आया और ट्रैक्टर पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह सीधे ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी में रखवा दिया है। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Next Story