उत्तर प्रदेश

Sambhal : एक तरफा प्यार में की थी पेंटर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Tara Tandi
8 March 2025 12:34 PM IST
Sambhal : एक तरफा प्यार में की थी पेंटर की हत्या, आरोपी  गिरफ्तार
x
Sambhal संभल । असमोली थाना क्षेत्र में बुधवार की रात गला रेतकर पेंटर की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने हत्या के 20 घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या के इस्तेमाल सर्जिकल ब्लेड भी बरामद कर लिया है। एसपी ने बताया कि हत्यारोपी पेंटर की पत्नी से एकतरफा प्यार करता था। पत्नी को बातचीत करने के मना करने पर हत्यारोपी ने घर से बुलाकर पेंटर को शराब पिलाकर सर्जिकल ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय संभल पर शुक्रवार को एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने असमोली थाना क्षेत्र के गांव दुगावर निवासी पेंटर विजय सिंह की गला रेतकर हत्या का खुलासा करते हुए जो बताया वह चौंकाने वाला था। कहा कि विजय सिंह के भतीजे मनीष व गांव के ही मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले कुंवरपाल की दोस्ती थी। जिससे कुंवरपाल की बातचीत विजय सिंह की पत्नी सोनम से हो गई। बातचीत के बाद कुंवरपाल सोनम से एक तरफा प्यार करने लगा। इस बात की जानकारी होने पर विजय सिंह ने कुंवरपाल से बात करने के लिए सोनम से मना कर दिया। सोनम से बातचीत नहीं होने पर कुंवरपाल ने विजय सिंह को रास्ते से हटाने का मन बना लिया।
एक माह पहले जब विजय सिंह घर पर नहीं था तब घर पहुंचकर कुंवरपाल ने बहला फुसलाकर मोबाइल से अपने साथ सोनम की फोटो भी खींच ली। इसके बाद भी सोनम कुंवरपाल से प्यार करने के लिए राजी नहीं हुई। जिससे कुंवरपाल और ज्यादा परेशान रहने लगा। बुधवार की शाम प्लान के मुताबिक कुंवरपाल ने शराब पिलाने के बहाने विजय सिंह को बाइक लेकर गांव के बाहर बुलाया। यहां से विजय सिंह व कुंवरपाल मिल चौराहे पर पहुंचे और ठेके से शराब खरीदकर गांव खानपुर बंद होते हुए असमोली लोदीपुर मार्ग पर स्थित गुरुद्वारे की पीछे जंगल में कच्चे रास्ते पर पहुंचे। बाइक खड़ी कर कुंवरपाल ने विजय सिंह को शराब पिलाई। नशा होने पर कुंवरपाल ने मौका मिलते ही साथ में लेकर आए सर्जिकल ब्लेड से विजय सिंह की गर्दन पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या करते समय हत्यारे के हाथ में भी लगा था ब्लेड
एएसपी श्रीश्चंद्र व सीओ असमोली कुलदीप सिंह ने बताया कि हमला करते समय ब्लेड कुवंरपाल के हाथ में भी ब्लेड लग गया था। विजय सिंह की हत्या के बाद कुंवरपाल घर पहुंचा। पहने हुए कपड़े व सर्जिकल ब्लेड घेर के अंदर कमरे में गन्ने की पत्ती व उपलों के बीच छिपाकर कुंवरपाल ने गांव में निजी डॉक्टर से मरहम पट्टी कराई। गुरुवार को विजय सिंह का शव मिलने पर कुंवरपाल पर शक हो गया। जिससे कुवंरपाल को पुलिस के द्वारा पकड़ने जाने का डर सताने लगा। पुलिस से बचने के लिए कुंवरपाल शुक्रवार को कहीं भागने की फिराक में गांव टांडा कोठी से बेला मार्ग पर लाल टंकी के पास सरकारी नलकूप के नजदीक खड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कुंवरपाल को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल सर्जिकल ब्लेड बरामद कर लिया।
Next Story