उत्तर प्रदेश

Sambhal: नवाचारों के लिए डीएम पैंसिया को राष्ट्रीय सम्मान

Admindelhi1
17 Nov 2025 11:03 AM IST
Sambhal: नवाचारों के लिए डीएम पैंसिया को राष्ट्रीय सम्मान
x

संभल: नई दिल्ली मे आयोजित भव्य समारोह में सम्भल जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया (DM Dr. Rajendra Pansiya) को प्रशासनिक नवाचार, पारदर्शिता, जन भागीदारी और विकास कार्यों के उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए प्रतिष्ठित नेक्सस ऑफ गुड अवॉर्ड (Nexus of Good Award) से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट को प्रदान किया गया।यह सम्मान केवल एक अधिकारी की उपलब्धि नहीं, बल्कि सम्भल के उस बदलते स्वरूप की पहचान है जिसे जिलाधिकारी डॉ. पैंसिया ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से न सिर्फ दिशा दी, बल्कि नए मापदंड भी स्थापित किए।

सम्भल जैसे जनपद को प्रशासनिक और विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।जिलाधिकारी डॉ. पैंसिया के नेतृत्व में सम्भल में प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने के लिए क, ख, ग, घ मिशन, पीएम श्री स्कूल, सम्भल संवाद ऐप, और जिला परियोजना निगरानी इकाई जैसे मॉडल लागू किए गए, जिन्हें सम्भल मॉडल के रूप में पूरे प्रदेश में सराहा जा रहा है। इन प्रयासों ने न सिर्फ शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाई, बल्कि सरकारी स्कूलों के प्रति जनता का भरोसा भी मजबूत किया।

इसी तरह एक जिला पांच नदियाँ अभियान के अंतर्गत नदियों के पुनरुद्धार का कार्य आज सम्भल की पहचान बन चुका है। प्राचीन 68 तीर्थों, 19 महा कूपों और ऐतिहासिक 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग के संरक्षण और पुनर्जागरण से सम्भल की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नई ऊर्जा मिली है। ग्राम्य विकास, आंगनवाड़ी सुधार, पंचायत स्तर पर पारदर्शी व्यवस्था, सड़क जल स्वास्थ्य जैसे मूलभूत ढाँचों को मजबूत करने में भी जिलाधिकारी पैंसिया की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है।

जनसुनवाई, समस्याओं के त्वरित समाधान और जनता से जुड़ने की उनकी शैली ने प्रशासन को लोगों के और करीब ला दिया है। डॉ. राजेंद्र पैंसिया के नेतृत्व में सम्भल ने विकास, नवाचार और सुशासन का ऐसा मॉडल तैयार किया है, जो न केवल प्रदेश के अन्य जिलों के लिए प्रेरणा है बल्कि अब पूरे देश में एक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। यह सम्मान सम्भल के मेहनती प्रशासन, टीमवर्क और दूरदर्शी नेतृत्व की एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज होगा।

Next Story