उत्तर प्रदेश

Sambhal: मस्जिद की मीनार हटाई गई, अवैध निर्माण पर कार्रवाई तेज

Admindelhi1
25 Jun 2025 9:58 AM IST
Sambhal: मस्जिद की मीनार हटाई गई, अवैध निर्माण पर कार्रवाई तेज
x

संभल: जिले की चंदौसी तहसील के मोहल्ला लक्ष्मणगंज स्थित बारिस नगर में नगर पालिका परिषद की जमीन पर बनी अवैध मस्जिद की मीनार को मंगलवार को प्रशासन ने हाइड्रा मशीन की मदद से गिरा दिया। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से की गई। प्रशासन ने बताया कि इस दौरान मस्जिद कमेटी ने पूरा सहयोग किया और किसी भी व्यक्ति या संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ।

नगर पालिका परिषद की ओर से 5 जून को रजा-ए-मुस्तफा मस्जिद को एक नोटिस जारी कर 15 दिनों में अवैध निर्माण हटाने को कहा गया था। यह समयसीमा 20 जून को समाप्त हो गई थी। इसके बाद 21 जून को प्रशासन ने स्थल निरीक्षण किया और पाया कि केवल 15–20% अतिक्रमण ही हटाया गया है। मस्जिद की मीनार अब भी जस की तस खड़ी थी।

प्रशासन की टीम 21 जून को बुलडोजर के साथ भी पहुंची थी, लेकिन मस्जिद कमेटी के आग्रह पर एक दिन का अतिरिक्त समय दिया गया। इसके बावजूद मीनार नहीं हटाई गई। मस्जिद कमेटी ने विशेषज्ञ बुलाकर मीनार गिराने की कोशिश की, मगर सफल नहीं हुए।

अंततः मंगलवार को प्रशासनिक टीम पुनः मौके पर पहुंची और हाइड्रा मशीन की सहायता से मीनार को ध्वस्त कर दिया गया। स्थानीय ठेकेदार की मदद से यह कार्रवाई सम्पन्न हुई। एसडीएम विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि मीनार को बिना किसी बाधा के सुरक्षित तरीके से हटाया गया और मस्जिद कमेटी ने सहयोगात्मक भूमिका निभाई। उन्होंने यह भी बताया कि उस क्षेत्र में बने अन्य अवैध मकानों को भी 15 दिन का नोटिस दिया गया है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सीओ अनुज चौधरी भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

Next Story