- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Sambhal: ग्राम नेहटा...
Sambhal: ग्राम नेहटा में सरकारी स्कूल का गेट गिरने से 9 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हुई

चंदौसी: क्षेत्र के ग्राम नेहटा में दोपहर करीब 1:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब सरकारी स्कूल का मेन गेट गिरने से 9 वर्षीय बच्चा पिंटू (पुत्र बबलू) उसके नीचे दब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत वहां एकत्र हो गए।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
घटना के वक्त स्कूल के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे। तभी अचानक स्कूल का जर्जर गेट टूटकर गिर गया और वहीं खड़ा पिंटू उसकी चपेट में आ गया। स्कूल में मौजूद शिक्षक, प्रधानाचार्य और ग्रामीणों ने तुरंत बच्चे को मलबे से बाहर निकाला और उसके परिजनों को सूचना दी।
इलाज के दौरान हुई मौत
परिजन और प्रधानाचार्य गंभीर रूप से घायल पिंटू को तुरंत चंदौसी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक बताकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने पिंटू को मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
मासूम पिंटू की मौत की खबर से मां रेखा देवी और पिता बबलू का रो-रोकर बुरा हाल है। बबलू मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। बेटे की इस अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस ने किया मौका मुआयना
घटना की सूचना पर थाना बनियाठेर प्रभारी रामवीर सिंह और आटा चौकी प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रशासन ने घटना के कारणों की समीक्षा करने का आश्वासन दिया है।





